भोपाल: 10 मई 2025
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस 2025 के उपलक्ष्य में 5 मई से 12 मई तक एम्स भोपाल में मनाए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय नर्स सप्ताह के अंतर्गत शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में नर्सिंग सेवा विभाग एवं नर्सिंग महाविद्यालय द्वारा काव्यपाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सिंग अधिकारियों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय था प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण, जिस पर प्रतिभागियों ने भावनात्मक, प्रेरणादायक एवं विचारोत्तेजक कविताओं के माध्यम से प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की आवश्यकता को उजागर किया। यह आयोजन न केवल नर्सिंग समुदाय की रचनात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने वाला रहा, बल्कि पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ाने की दिशा में भी एक अहम कदम साबित हुआ। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. अजय हलदर (प्रोफेसर, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग), प्रो. (डॉ.) सुनीता अठावले (शरीर रचना विभाग), श्री ज्ञानेंद्र भूषण (प्रशासनिक अधिकारी) और श्री अखिल टी. (नर्सिंग अधीक्षक) उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें अपनी रचनात्मकता को निरंतर बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के समापन पर श्री वसीम अकरम ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय नर्स सप्ताह केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह नर्सिंग समुदाय के बहुआयामी योगदान को मान्यता देने का अवसर है। इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियाँ नर्सिंग स्टाफ और विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, आत्म-अभिव्यक्ति और भावनात्मक संवेदनशीलता को विकसित करती हैं। पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाने का यह प्रयास निश्चित रूप से आम नागरिकों को प्रेरणा देगा।”

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू