विश्व मल्टीपल स्क्लेरोसिस दिवस 2025 पर एम्स भोपाल द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

भोपाल: 31 मई 2025

एम्स भोपाल ने कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में, 30 मई 2025 को विश्व मल्टीपल स्क्लेरोसिस दिवस के उपलक्ष्य में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस वर्ष की थीम “मेरा एमएस निदान (My MS Diagnosis)” रही, जिसका उद्देश्य मल्टीपल स्क्लेरोसिस (एमएस) के बारे में जनसामान्य में जागरूकता फैलाना, शीघ्र निदान को बढ़ावा देना और एमएस से पीड़ित रोगियों के प्रति समाज में सहानुभूति की भावना को सशक्त करना रहा। यह कार्यक्रम एम्स भोपाल के न्यूरोलॉजी विभाग द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों, छात्रों और रोगियों ने सहभागिता की। विशेषज्ञों ने बताया कि मल्टीपल स्क्लेरोसिस एक न्यूरोडीजेनेरेटिव ऑटोइम्यून विकार है, जो मस्तिष्क एवं रीढ़ की हड्डी को प्रभावित करता है। इसके लक्षण कई बार सामान्य प्रतीत होते हैं, जिससे निदान में विलंब हो सकता है, इसलिए समय पर पहचान और उचित उपचार अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में एमएस रोगियों के अनुभव साझा किए गए और उनके लिए एक सहायक एवं समावेशी समाज की आवश्यकता पर बल दिया गया। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा कि “मल्टीपल स्क्लेरोसिस एक गंभीर एवं चुनौतीपूर्ण स्थिति है, जो रोगी के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है। एम्स भोपाल में हमारा प्रयास न केवल उच्चस्तरीय उपचार उपलब्ध कराना है, बल्कि जागरूकता फैलाकर इस रोग से पीड़ित व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।”