भोपाल: 6 फरवरी 2025
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में आयुष विभाग द्वारा गौहरगंज के गर्ल्स प्राइमरी हाई स्कूल में एक हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। प्रो. सिंह वंचित आबादी तक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के प्रबल समर्थक हैं। इस दौरान गौहरगंज में गर्ल्स प्राइमरी हाई स्कूल के बच्चों को योग का विशेष सत्र भी कराया गया, जिसमे बच्चों के साथ साथ शिक्षकों ने भी हिस्सा लियाl इस कैंप का मुख्य उद्देश्य छात्रों को तनाव प्रबंधन, अध्ययन में एकाग्रता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना था। इसमें कुल 47 बच्चे और शिक्षक शामिल थे।
आयुष विभाग की तरफ से मेडिकल ऑफिसर डॉ तारिक बरकती और योग प्रशिक्षक चंचल सूर्यवंशी उपस्थित रहे। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि आजकल छात्रों को पढ़ाई के दौरान मानसिक दबाव और तनाव का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी एकाग्रता और सीखने की क्षमता प्रभावित होती है। योग और ध्यान (मेडिटेशन) को अपनाकर छात्र अपने तनाव को कम कर सकते हैं और अपने मन को स्थिर रख सकते हैं। अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, कपालभाति और ध्यान जैसी तकनीकों को अपनाने से मानसिक शांति मिलती है और अध्ययन में रुचि बढ़ती है। विशेषज्ञों ने बच्चों को इन योग क्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन भी करके दिखाया। इसके अलावा विशेषज्ञों ने बच्चों को संतुलित आहार और शारीरिक गतिविधियों के लाभ बताए, ताकि वे जंक फूड, अत्यधिक मीठे और तले-भुने खाद्य पदार्थों से दूर रह सकें। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बच्चों को अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व भी बताया। उन्होंने कहा कि हर छात्र को अपना एक स्पष्ट लक्ष्य बनाना चाहिए और नियमित दिनचर्या अपनाकर उसकी प्राप्ति के लिए प्रयास करना चाहिए। छात्रों को अपने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी गई, जिससे उनका ध्यान अध्ययन पर केंद्रित रह सके।
प्रो. सिंह ने इस स्वास्थ्य शिविर के आयोजन में आयुष विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, “स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने और तनाव प्रबंधन के लिए योग एक प्रभावी साधन है। इस तरह के स्वास्थ्य शिविर न केवल छात्रों की मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार लाते हैं, बल्कि उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति भी प्रेरित करते हैं। एम्स भोपाल अपने मिशन के तहत दूरदराज के क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

More Stories
(लीड) समाज के रक्त में लोकतंत्र है, उसे दबाने की कोशिश करने वाला मिट्टी में मिल जाएगाः भैयाजी जोशी
सारंगपुर विधानसभा को मिली विकास की सौगात, 135.42 करोड़ों की लागत से होंगे निर्माण कार्य
सोम डिस्टलरीज का लायसेंस रद्द अवैध शराब नेटवर्क को लेकर मप्र सरकार की बड़ी कार्यवाही