एम्स भोपाल ने रापड़िया गाँव में विश्व यूनानी दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य और योग जागरूकता कार्यक्रम का किया आयोजन

भोपाल: 11 फरवरी 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में, आयुष विभाग द्वारा विश्व यूनानी दिवस के अवसर पर मंगलवार को भोपाल के रापड़िया गाँव के एक विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यूनानी चिकित्सा प्रणाली के लाभों को समझाना था। इस आयोजन में लगभग 63 स्कूली बच्चों ने भाग लिया और उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ यूनानी चिकित्सा, आहार-विहार, योग और सुपर पावर ब्रेन योग के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। एम्स के वरिष्ठ यूनानी चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. तारिक बरकती और योग प्रशिक्षक चंचल सूर्यवंशी की टीम ने बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। इस दौरान बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य, पोषण स्तर, वजन, ऊँचाई और दृष्टि का परीक्षण किया गया।

कार्यक्रम में आहार और विहार (जीवनशैली) पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। एम्स के विशेषज्ञों ने बच्चों को संतुलित आहार के महत्व के बारे में बताया और समझाया कि उचित खान-पान और सही दिनचर्या से जीवन को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाया जा सकता है। इसके अलावा, योग पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें बच्चों को योगाभ्यास के लाभ और सुपर पावर ब्रेन योग के महत्व के बारे में बताया गया। इस योग तकनीक से बच्चों की एकाग्रता, स्मरणशक्ति और मानसिक विकास में मदद मिल सकती है।

प्रो. सिंह ने इस आयोजन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “विश्व यूनानी दिवस पर यह आयोजन न केवल बच्चों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने का प्रयास है, बल्कि ग्रामीण समुदाय में यूनानी चिकित्सा प्रणाली और योग के महत्व को रेखांकित करता है। हमें गर्व है कि एम्स भोपाल इस दिशा में सार्थक योगदान दे रहा है।” इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ बच्चों को ही नहीं, बल्कि पूरे ग्रामीण समुदाय को स्वस्थ जीवनशैली और यूनानी चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना था।