बच्चों की मुस्कान के संग एम्स भोपाल में मना अंतर्राष्ट्रीय खुशी दिवस

भोपाल: 20 मार्च 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय खुशी दिवस के अवसर पर एम्स भोपाल के सेंटर ऑफ हैप्पीनेस ने रेखी फाउंडेशन फॉर हैप्पीनेस के साथ शैक्षणिक सहयोग में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का आयोजन बाल रोग विभाग के सहयोग से किया गया, जिसमें अस्पताल में इलाज करा रहे बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस कार्यक्रम में कहानी सुनाना, चुटकुले साझा करना और मेडिटेशन जैसे आनंददायक सत्र शामिल थे, जिससे बच्चों और उनके अभिभावकों के चेहरे पर मुस्कान आई। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे यह आयोजन यादगार बन गया।

बाल रोग विभाग की प्रमुख प्रो. (डॉ.) शिखा मलिक ने अभिभावकों को नियमित रूप से इस तरह की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया और बच्चों को सकारात्मक सोच बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में सेंटर ऑफ हैप्पीनेस की टीम, जिसमें प्रो. रुचि सिंह, डॉ. स्वगता ब्रह्मचारी, प्रो. गिरीश भट्ट, डॉ. सोफिया मुद्दा और रेखी फाउंडेशन की कंसल्टेंट डॉ. ऋतु शर्मा शामिल थीं, ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर प्रो. सिंह ने कहा, “सकारात्मक सोच और आशावादी दृष्टिकोण उपचार प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन न केवल हमारे बच्चों को खुशी प्रदान करते हैं, बल्कि उनके भावनात्मक और मानसिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करते हैं।”