February 11, 2026

एम्स भोपाल में राजभाषा कार्यान्वयन को सशक्त बनाने हेतु विभागीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 29वीं तिमाही बैठक आयोजित

भोपाल: 17 जून 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के नेतृत्व में विभागीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति (डीओएलआईसी) की 29वीं तिमाही बैठक दिनांक 16 जून 2025 को सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वयं प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने की, जिसमें संस्थान के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं समिति के सदस्यों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान प्रो. सिंह ने संस्थान में राजभाषा हिंदी के क्रियान्वयन की विभागवार समीक्षा की और विभागाध्यक्षों से हिंदी के उपयोग की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार को और अधिक बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर कर्नल (डॉ.) अजीत कुमार, उपनिदेशक (प्रशासन) ने कहा, “हिंदी में कार्य करना हम सभी के लिए सुविधाजनक और संतोषजनक अनुभव होता है। हमारे अनेक सदस्य हिंदी पर अच्छी पकड़ रखते हैं। मैं सभी से अनुरोध करता हूँ कि यथासंभव अधिकाधिक शासकीय कार्य राजभाषा में करने का प्रयास करें।” राजभाषा के प्रचार-प्रसार के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “यह बैठक तभी सार्थक होगी जब समिति के सभी सदस्य स्वयं हिंदी में कार्य करें और अपने सहयोगियों को भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित करें। जैसे हमारा संस्थान चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है, उसी गति से प्रशासनिक कार्यों में भी हिंदी का प्रयोग बढ़ाना हमारा दायित्व है। मैं चाहूंगा कि समिति के सभी सदस्य इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं और हिंदी के प्रयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सक्रिय योगदान दें।” एम्स भोपाल की विभागीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की यह तिमाही बैठक सभी विभागों के विभागाध्यक्षों एवं समिति सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुई, जो संस्थान में राजभाषा के लक्ष्यों की समीक्षा एवं प्रगति के लिए एक महत्वपूर्ण और रचनात्मक प्रयास रहा।

You may have missed