भोपाल: 03 जनवरी 2025
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में, संस्थान ने 3 जनवरी 2025 को सावित्रीबाई फुले भवन, नर्सिंग कॉलेज में “बेहतर स्वास्थ्य के लिए महिलाओं की आर्थिक शक्ति” विषय पर एक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सुधार के आपसी संबंधों पर केंद्रित था, जिसमें यह दर्शाया गया कि आर्थिक स्वतंत्रता कैसे व्यक्तिगत और सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बन सकती है। इस मौके पर, प्रो. सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूत करना एक स्वस्थ समाज के लिए आवश्यक है। बेहतर स्वास्थ्य परिणामों के लिए बदलाव की शुरुआत स्कूल स्तर से ही होनी चाहिए।” उनकी टिप्पणियों ने लैंगिक समानता के माध्यम से दीर्घकालिक सामाजिक प्रगति को बढ़ावा देने के लिए प्रारंभिक हस्तक्षेप और मानसिकता में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया।
अतिथि व्याख्यान डॉ. दिलीप सिंह, आईईएस, निदेशक, दूरसंचार विभाग, संचार मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिया गया। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच के बीच गहरे संबंध को समझाते हुए बताया कि आर्थिक स्वतंत्रता से महिलाएं नियमित स्वास्थ्य जांच, निवारक देखभाल और परिवार नियोजन जैसे निर्णयों में अधिक स्वतंत्रता और जागरूकता के साथ आगे बढ़ सकती हैं। कार्यक्रम में सहभागिता बढ़ाने के लिए एक एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरुस्कृत किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन डॉ. ममता वर्मा, नर्सिंग कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर और प्रभारी प्राचार्य द्वारा किया गया। प्रोफेसर (डॉ.) अमित अग्रवाल, जो कि डीन (नर्सिंग और संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान) हैं, ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, और डॉ. सैकत दास, जो कि एसोसिएट डीन (नर्सिंग और संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान) हैं, ने आयोजन सचिव के रूप में भूमिका निभाई। इस व्याख्यान में संकाय सदस्यों, छात्र-छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य विषय पर एक सार्थक संवाद संभव हुआ।

More Stories
सोम डिस्टलरीज का लायसेंस रद्द अवैध शराब नेटवर्क को लेकर मप्र सरकार की बड़ी कार्यवाही
दाऊ अपने कान्हा से कह दो पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करे – डॉ अरुण सक्सेना
मुरैना की हाइवे डकैती हो या खंडवा का सराफा व्यापारी से लूटमार मप्र पुलिस के होते अपराधी बच नहीं सकते