February 11, 2026

एम्स भोपाल ने कैंसर मरीजों के लिए विशेष गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ऑनकोसर्जरी क्लिनिक की शुरुआत की

भोपाल: 06 जनवरी 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग कैंसर देखभाल सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नववर्ष में एक नई गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (जीआई) ऑनकोसर्जरी विशेष क्लिनिक की शुरुआत कर रहा है। यह पहल मध्य भारत के लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जिसमें पाचन तंत्र, पैंक्रियास, लिवर, पित्ताशय और बाइल डक्ट सिस्टम के कैंसर से पीड़ित मरीजों को विशेष देखभाल प्रदान की जाएगी। यह विशेष क्लिनिक प्रत्येक सोमवार को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक गैस्ट्रोसर्जरी ओपीडी में संचालित होगी। इसका उद्देश्य शुरुआती निदान और विशेष उपचार के माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार लाना है।

प्रो. सिंह ने इस नए क्लिनिक के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “एम्स भोपाल में सुविधाएं तेजी से बढ़ रही हैं। संस्थान पहले ही रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी और पैलिएटिव केयर सेवाएं प्रदान कर रहा है, ऐसे में जीआई कैंसर पर केंद्रित विशेष क्लिनिक मरीजों के लिए अत्यधिक लाभकारी होगा।” सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. विशाल गुप्ता ने इस सुविधा की आवश्यकता बताते हुए कहा, “हम भोजन नली, पेट, अग्नाशय, पित्ताशय, बाइल डक्ट और बड़े आंत के कैंसर से पीड़ित कई मरीजों को देखते हैं। इनमें से कई मरीज गलतफहमियों, जागरूकता की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच की समस्याओं, लक्षणों की उपेक्षा और आर्थिक कठिनाइयों के कारण देर से परामर्श लेते हैं। अब इस सुविधा से मरीजों को समय पर सही जांच और उपचार मिल सकेगा।”

सर्जिकल प्रबंधन के अलावा, यह क्लिनिक मरीजों की शिक्षा, प्रीहैबिलिटेशन और रिहैबिलिटेशन पर भी ध्यान केंद्रित करेगा, जिससे कैंसर उपचार की पूरी प्रक्रिया के दौरान समग्र और बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो सकेगी। यह विशेष सेवा मध्य भारत में कैंसर देखभाल के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

You may have missed