Oplus_131072
भोपाल/नई दिल्ली: 17 जनवरी 2025
दिल्ली में चुनाव जीतने के लिए मुफ्त की रेवड़ियां बांटने के लिए होड़ लगी हुई है। कभी प्रधानमंत्री मोदी अपनी सभाओं में मुफ्त की रेवड़ियां बांट रहे अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते नजर आते थे पर अब भाजपा भी दिल्ली की सत्ता पाने के लिए किसी हद तक भी जाने को तैयार है यहां तक कि अपने सिद्धांतों से भी समझौता करने को तैयार है और भारत की अर्थव्यवस्था को जहां प्रधानमंत्री और उनकी सरकार के नुमाइंदे विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के सपने दिखते रहते हैं वो सब सत्ता की चाहत में चूर चूर होते नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री कई जगह कह चुके हैं कोई रहे न रहे सत्ता मिले न मिले पर देश मजबूत रहना चाहिए पर क्या ऐसे मुफ्त की रेवड़ियां बांटने से देश मजबूत रह पाएगा। ये सवाल केवल भाजपा से ही नहीं उन सभी सत्ता की हवस रखने वालों से हैं जो सत्ता की चाहत में देश के विकास से समझौता करने को तैयार हैं। आइए जानते है कौन कितनी रेवड़ियां बांट रहा है:
भारतीय जनता पार्टी:
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में महिला समृद्धि योजना के तहत प्रति महीने महिलाओं को 2500 रुपये देने का वादा किया है। बीपीएल परिवार की महिलाओं को गैस सिलेंडर में ₹500 की सब्सिडी देने का भी एलान किया है। गर्भवती महिलाओं को एकमुश्त ₹21000 और छह पोषक किट देने के साथ विधवा महिलाओं की पेंशन 2500 से बढ़ाकर 3000 रुपये करने का वादा किया है। पार्टी ने 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को 10 लाख रुपये का बीमा कवर देने का वादा किया है। इसके अलावा भाजपा की तरफ से 60 से 70 साल के लोगों की पेंशन में अतिरिक्त 500 रुपये की बढ़ोतरी का भी एलान किया गया है। यानी इस वर्ग की पेंशन 2000 रुपये से बढ़कर 2500 रुपये हो जाएगी। इसके अलावा 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को 2500 की जगह 3000 रुपये पेंशन देने का वादा किया गया है। भाजपा ने गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का एलान किया है। इसके तहत दिल्ली सरकार अलग से ₹5,00,000 का बीमा करेगी, वहीं, 5,00,000 का बीमा केंद्र सरकार देगी। भाजपा ने गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर में 500 रुपये की सब्सिडी देने का वादा किया है। पार्टी की तरफ से गरीब परिवारों को होली और दिवाली पर एक सिलेंडर मुफ्त में भी देने की बात कही गई है।
आम आदमी पार्टी:
आम आदमी पार्टी ने अभी आधिकारिक तौर पर अपना घोषणापत्र नहीं निकाला है। हालांकि, पार्टी ने वादों का एक पिटारा पहले ही निकाल दिया। इसमें महिला सम्मान योजना के तहत महिलाओं के लिए पहले हर महीने 2100 रुपये देने का वादा किया गया है। महिलाओं को डीटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा जारी रखने की बात भी कही गई है। आम आदमी पार्टी ने बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना का एलान किया है। इसके तहत 60 वर्षों के ऊपर के सभी बुजुर्गों को निजी और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा का एलान। इतना ही नहीं बुजुर्गों के लिए अलग से पेंशन की व्यवस्था करने का भी वादा किया गया है। आम आदमी पार्टी ने इस क्षेत्र में संजीवनी योजना का एलान किया है। हालांकि, इसके तहत अभी फिलहाल बुजुर्गों को ही मुफ्त इलाज का लाभ देने का प्रावधान रखा गया है। संजीवनी योजना के अंतर्गत दिल्ली में 60 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों के इलाज के लिए खर्च की सीमा को तय नहीं की गई है। इलाज के दौरान जितना खर्चा होगा, वह पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। आप की तरफ से छात्रों को डीटीसी बसों में यात्रा फ्री। केंद्र की मदद से मेट्रो के किराए में 50% की छूट देने की बात कही है। इसके अलावा छात्र-छात्राओं को मुफ्त शिक्षा देने का वादा भी किया गया है।
कांग्रेस:
कांग्रेस ने ‘प्यारी दीदी’ योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत महिलाओं को हर माह 2500 रुपये देने का वादा किया गया है। कांग्रेस का दिल्ली में यह एलान उसी मॉडल पर है जो पार्टी ने कर्नाटक में लागू किया था। कांग्रेस ने दिल्ली में लोगों को स्वास्थ्य क्षेत्र में मुक्त बनाने के लिए हर दिल्लीवासी को 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने का एलान किया है। पार्टी ने इस योजना का नाम जीवन रक्षा योजना रखा है। पार्टी ने यह योजना राजस्थान की चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के आधार पर तैयार की है। योजना में सभी सरकारी और निजी अस्पताल शामिल होंगे। इसमें कोविड जैसी गंभीर बीमारियों सहित एक हजार से अधिक चिकित्सा प्रक्रियाओं को कवर किया जाएगा। इस योजना के तहत हर उम्र और वर्ग के लोगों को मुफ्त इलाज का हकदार बनाया जाएगा। कांग्रेस ने दिल्लीवासियों के लिए रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने का वादा किया है। भाजपा और कांग्रेस के वादे में बड़ा फर्क यह है कि जहां भाजपा सब्सिडी यानी गैस सिलेंडर की जितनी भी कीमत होगी, उसमें 500 रुपये कम कर के देगी। वहीं, कांग्रेस सिलेंडर ही 500 रुपये में देगी, फिर चाहे उसकी कीमत घटे या बढ़े। कांग्रेस ने ‘युवा उड़ान योजना’ लाने का एलान किया है। इसके गारंटी के तहत कांग्रेस ने दिल्ली के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को एक साल तक 8500 रुपये प्रतिमाह की देने की बात कही है। इस योजना के तहत युवाओं को हर महीने 8500 रुपये मिलेंगे और एक साल की अप्रेंटिसशिप प्रदान की जाएगी।
तीनों पार्टियों ने मुफ्त चीजों के एलान की झड़ी लगा दी है। फिर चाहे वह बिजली की बात हो या पानी की। इतना ही नहीं राशन, परिवहन और शिक्षा जगत में भी मुफ्त सुविधाएं देने का वादा किया गया है।
इन सब को जानकर आप को क्या लगता है लोग स्वावलंबी रहेंगे जब उन्हें बिना कुछ करे ही सब कुछ मिल रहा है और यदि ऐसा दिल्ली वालो को मिल रहा है तो अन्य राज्य क्या इस देश का हिस्सा नहीं हैं वहां के लोग भारतीय नहीं है!!
सोचिए ऐसा ही चलता रहा तो भारत भी वेनजुएला, श्रीलंका और कई अन्य कई आर्थिक संकट झेल रहे देशों की कतार में खड़ा हुआ नजर आएगा।
देश को लोगों को अपने देश के लिए खड़ा होना चाहिए और इसी पार्टियों का सामूहिक बहिष्कार करना चाहिए जो ऐसे वादे करे, लोगों को चाहिए कि जो उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए कार्य करे केवल उसे ही अपना नेता बनाए, नहीं तो वर्तमान नेता इस देश को मुफ्त की रेवड़ियां बांट बांट कर खोखला कर देंगे।

More Stories
(लीड) समाज के रक्त में लोकतंत्र है, उसे दबाने की कोशिश करने वाला मिट्टी में मिल जाएगाः भैयाजी जोशी
सारंगपुर विधानसभा को मिली विकास की सौगात, 135.42 करोड़ों की लागत से होंगे निर्माण कार्य
सोम डिस्टलरीज का लायसेंस रद्द अवैध शराब नेटवर्क को लेकर मप्र सरकार की बड़ी कार्यवाही