आखिरकार दिल्ली में भी चुनाव आ ही गए, जानिए कब है चुनाव और परिणाम?

भोपाल/दिल्ली: 7 जनवरी 2025

दिल्ली में चुनावों की तारीखों का एलान हो गया है, आज निर्वाचन आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ये जानकारी दी। दिल्ली में 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और 8 फरवरी को मतगणना होगी याने 8 को परिणाम आयेंगे और 8 को ही दिल्ली में सत्ता किसके पास आएगी इसका निर्णय भी होगा।

तारीखों के एलान से पहले ही सभी प्रमुख पार्टियों ने चुनाव प्रचार और जोर पकड़ेगा। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी चुनाव तारीखों के ऐलान से पहले ही राजधानी की सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। इसी तरह भाजपा अब तक 29 और कांग्रेस 47 उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है। इस बार कई ऐसी सीटें है जिसमें मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है।

आप के प्रचार का सबसे बड़ा चेहरा केजरीवाल

आप के लिए इस चुनाव में प्रचार का सबसे बड़ा चेहरा खुद पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ही हैं। 2013, 2015 और 2020 में आप की जीत के बाद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने। इस चुनाव से पहले उन्हें शराब घोटाले में जेल जाना पड़ा। जेल से वापस आने के बाद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद आप ने नए मुख्यमंत्री के तौर पर पार्टी की प्रमुख नेता आतिशी को शपथ दिलवाई। मुख्यमंत्री आतिशी भी इस चुनाव प्रचार में पार्टी के लिए बड़ा चेहरा बनेंगी। इसके साथ ही मनीष सिसोदिया, संजय सिंह जैसे चेहरे भी पार्टी के स्टार प्रचारक होंगे।

भाजपा के लिए प्रधानमंत्री मोदी ही होंगे प्रचार का सबसे बड़ा चेहरा

दिल्ली चुनाव में भाजपा के प्रचार का सबसे बड़ा चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही होंगे। पीएम मोदी दिल्ली में कई रैलियां करते भी नजर आएंगे। गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ स्थानीय नेताओँ में प्रवेश वर्मा, रमेश बिधुड़ी से लेकर बांसुरी स्वराज तक अपने-अपने इलाके में पार्टी की जीत के लिए जोर लगाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा इस चुनाव में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली सीट से मैदान में हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ पार्टी ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को कालकाजी सीट से उतारा है। बिधूड़ी हाल ही में आतिशी को लेकर एक विवादास्पद टिप्पणी करके चर्चा में आए हैं।

राहुल-प्रियंका पर होगा कांग्रेस का दारोमदार

कभी दिल्ली की सत्ता पर अकेले राज करने वाली कांग्रेस आज दिल्ली में अपनी जमीन तलाशने के लिए काफी संघर्ष कर रही है। इस चुनाव में पार्टी के प्रचार का सबसे बड़ा चेहरा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ही होंगे। हालांकि, अब तक दोनों ही प्रचार से दूर रहे हैं। स्थानीय चेहरों में प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव, अलका लांबा, संदीप दीक्षित जैसे चेहरे अपने-अपने इलाके में पार्टी को जीत दिलाने के लिए जोर लगाएंगे।