भक्ति, सेवा और सामाजिक समर्पण का संगम: महाराजा अग्रसेन जी की 14वीं महाआरती सम्पन्न

भोपाल: 4 मई 2025

अग्रवाल समाज द्वारा प्रतिमाह आयोजित की जाने वाली महाराजा अग्रसेन जी एवं कुलदेवी महालक्ष्मी की महाआरती का 14वां आयोजन रविवार को कमला पार्क स्थित महाराजा अग्रसेन प्रतिमा स्थल पर श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन चैत्र नवरात्रि 2024 से निरंतर जारी है और समाज को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सेवा भाव की प्रेरणा दे रहा है।

समाज के नितिन गुप्ता एवं विनीत अग्रवाल ने बताया कि यह महाआरती न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बन चुकी है, बल्कि समाज में एकता, सेवा एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन का एक प्रेरणादायक माध्यम भी बन गई है।

इस बार की जजमानी का दायित्व कमलकांत अग्रवाल (संपादक, स्नेह बाल पत्रिका) ने निभाया। उन्होंने आयोजन में प्रसाद एवं नाश्ते की विशेष व्यवस्था करते हुए समाजसेवा का भाव भी प्रस्तुत किया।

आरती के उपरांत नमन इन्वेस्टमेंट एवं विहान फिजियोथैरेपी द्वारा आयोजित लकी ड्रा में धीरज अग्रवाल एवं शैलेश अग्रवाल विजेता घोषित किए गए। दोनों को वरिष्ठ समाजसेवियों — मुकेश गोयल, नितिन गुप्ता एवं डॉ. अंकुर अग्रवाल द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विशेष उल्लेखनीय है कि भगवान अग्रसेन जी की कृपा से जब आयोजन के दौरान मौसम बिगड़ने लगा और तेज़ बारिश व आंधी का दौर शुरू हुआ, तब भी आरती का क्रम बाधित नहीं हुआ। जैसे ही आरती प्रारंभ हुई, वर्षा थम गई और मौसम सुहावना हो गया, जिसे श्रद्धालुओं ने दैवीय चमत्कार के रूप में अनुभव किया।

आयोजन समिति ने जानकारी दी कि भविष्य में मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में भी महाआरती आयोजित करने की योजना है। इसके साथ ही समाज सेवा, जरूरतमंदों की सहायता तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर अमित मित्तल, कैलाश अग्रवाल (लालघाटी), कैलाश अग्रवाल (वल्लभ नगर), नीरज गुप्ता, सुनील अग्रवाल,प्रदीप अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, सौरभ गुप्ता, रानी मित्तल, मोनिका गुप्ता, अर्चना गुप्ता, मोनाली अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।