February 11, 2026

सीएम यादब से मिले फ्रांस के राजदूत, फ्रांस के साथ पर्यटन में निवेश को लेकर बातचीत

भोपाल: 13 जून 2025

मध्यप्रदेश और फ्रांस के बीच संस्कृति-पर्यटन क्षेत्र में शुक्रवार को त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में भारत में फ्रांस के राजदूत डॉ. थिएरी मथौ, पर्यटन और संस्कृति के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला और अलायंस फ्रांसेज डी. भोपाल के अध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने हस्ताक्षर किए। यह समझौता अगले 3 साल के लिए वैध होगा और आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

अब यह मध्यप्रदेश को भारत और फ्रांस के बीच सांस्कृतिक एवं पर्यटन सहयोग का नया केंद्र बनाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत और फ्रांस के साथ संबंध हमेशा से अच्छे रहे हैं। मध्यप्रदेश फ्रांस के साथ सांस्कृतिक संबंधों के साथ व्यापारिक संबंधों के लिए भी तत्पर है। उनकी आगामी माह फ्रांस यात्रा प्रस्तावित है। भारत और फ्रांस के बीच औद्योगिक विकास की दृष्टि से, उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और शिल्प कलाओं को प्रोत्साहन देने की दृष्टि से परस्पर सहयोग की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा। यह समझौता ज्ञापन मध्यप्रदेश को न केवल देश की सांस्कृतिक राजधानी बल्कि एक प्रगतिशील, वैश्विक पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की हमारी दूरदृष्टि को साकार करता है। इससे प्रदेश के कलाकारों को वैश्विक मंच मिलेगा और फ्रांस तथा यूरोप से आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

राजदूत ने कहा-नए अवसर खुलेंगे

भारत में फ्रांस के राजदूत डॉ. मथौ ने इस साझेदारी पर कहा कि हमें मध्यप्रदेश सरकार के साथ इस महत्वपूर्ण सहयोग को स्थापित करते हुए खुशी हो रही है। फ्रांस मुख्य रूप से पर्यटन, सुरक्षा, पर्यावरण और शिक्षा पर विशेष रूप से कार्य करता है। यह एमओयू दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक कूटनीति को और मजबूत करेगा। जिससे कला, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे।

You may have missed