अन्‍तर्राष्‍ट्रीय गीता महोत्‍सव” का आयोजन भोपाल में आज, 5000 से अधिक आचार्य एक साथ करेंगे गीता पाठ, गिनीज वर्ल्‍ड रिकॉर्ड में सम्मिलित कराने का प्रयास किया जावेगा

भोपाल: 10 दिसंबर 2024

साधो बैण्‍ड की सांगीतिक प्रस्‍तुति होगी, गौ एवं गोपाल तथा श्रीमद्भागवत पुराण आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी होंगी आकर्षण

मप्र की मोहन यादव सरकार द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों की कड़ी में कल 11 दिसंबर को गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, कार्यक्रम का स्वरूप विश्व रिकॉर्ड बनाने का होगा,, जिसमे एक साथ हजारों बटुक और भगवत गीता प्रेमी एक समय पर एक साथ गीता के श्लोक का उच्चारण करेंगे। प्रदेशव्यापी गीता महोत्सव में भोपाल और उज्जैन में विशेष कार्यक्रम होगा, भोपाल के लाल परेड मैदान पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव सहित कई धर्माचार्य, साधु, संत शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमे संस्कृत महाविद्यालय के अलावा, कई गुरुकुल, धार्मिक संस्थाओं, और विश्व गीता संस्थान, गायत्री परिवार, और इस्कॉन से जुड़े आचार्य और शिष्य शामिल होंगे। सरकार ने गीता को पाठ्यक्रम में शामिल करने के अलावा हर नगरीय निकाय में गीता भवन बनाने का भी निर्णय लिया है।

मध्‍यप्रदेश शासन, संस्‍कृति विभाग द्वारा गीता जयंती के अवसर पर 11 दिसम्‍बर, 2024 को अन्‍तर्राष्‍ट्रीय गीता महोत्‍सव का आयोजन लाल परेड ग्राउण्‍ड, भोपाल में किया जा रहा है। प्रात: 10 बजे से आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में 5000 से अधिक आचार्यों द्वारा एक साथ श्रीमद्भागवद् गीता के कर्मयोग अध्‍याय का सस्‍वर एकसाथ पाठ करेंगे। इस गीता पाठ को गिनीज वर्ल्‍ड रिकॉर्ड में सम्मिलित कराने का प्रयास भी किया जावेगा। इस अवसर पर मध्‍यप्रदेश शासन के माननीय मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

परशुराम बोर्ड के अध्यक्ष विष्णु राजौरिया ने बताया कि अन्‍तर्राष्‍ट्रीय गीता महोत्‍सव का आयोजन भारतीय संस्‍कृति और विरासत के संरक्षण में एक महत्‍वपूर्ण प्रयास होगा। यह महोत्‍सव भोपाल सहित उज्‍जैन एवं इन्‍दौर में भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें वैष्‍णव ज्ञान परम्‍परा की कला प्रस्‍तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। लाल परेड ग्राउण्‍ड, भोपाल में गीता पाठ के अलावा सुप्रसिद्ध साधो बैण्‍ड एवं साथी, मुम्‍बई की प्रस्‍तुति भी होगी। इसके अलावा पर्यटकों/शोधार्थियों के लिए प्रदेश के होटलों में श्रीमद्भागवद् गीता, वाल्‍मीकि रामायण और रामचरितमानस की एक-एक प्रतियां रखे जाने की पहल भी की जावेगी। कार्यक्रम में चित्र प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें ”गौ एवं गोपाल” तथा ”श्रीमद्भागवत पुराण” आधारित चित्रों का प्रदर्शन किया जावेगा।

You may have missed