व्यक्तिगत प्रगति के साथ समाज-कल्याण में भी युवा निभायें अपनी भूमिका: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल 

राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएँ दी 

भोपाल। 11 जनवरी 2025

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार और उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए आदर्श और प्रेरणा का स्रोत है। उनका यह ऐतिहासिक कथन कि “21वीं सदी भारत की होगी,” आज के समय में प्रासंगिक है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विश्वगुरु बनने की राह पर अग्रसर है। इस सपने को साकार करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी क्षमताओं और ऊर्जा का उपयोग केवल व्यक्तिगत प्रगति के लिए ही नहीं, बल्कि समाज, राज्य और देश के कल्याण के लिए करें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने स्वामी विवेकानंद जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस की प्रदेश और देश के युवाओं को शुभकामना दी है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि वर्तमान समय युवाओं के लिए अनगिनत अवसरों से भरा है। शिक्षा, कौशल विकास और नवाचार के क्षेत्र में काम करते हुए युवा भारत को नई ऊँचाइयों पर ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति का सही दिशा में उपयोग ही भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनाएगा। स्वामी विवेकानंद के विचार न केवल युवाओं को सशक्त बनाते हैं, बल्कि हमें समाज और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराते हैं। उन्होंने युवाओं को यह संदेश दिया कि वे केवल अपने सपनों को पूरा करने तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए भी अपनी भूमिका निभाएँ।

You may have missed