मप्र सरकार की केबिनेट में हुए बहुत महत्वपूर्ण निर्णय

भोपाल: 10 दिसंबर 2024

भोपाल के वल्लभ भवन स्थित मंत्रालय में मोहन यादव कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमे कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के साथ फैसले भी हुए। बैठक की जानकारी देते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि बैठक में मप्र की विद्युत वितरण कंपनियों की आर्थिक स्थिति को बेहतर करने को लेकर कैबिनेट ने महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिसमे केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत राज्यांश के तौर पर कंपनी को 6 हजार करोड़ के इक्विटी में बदलने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है, यानी राज्य सरकार राशि को लोन के रूप में देकर अंश पूंजी के रूप में देगी।

इसके अलावा धान मिलिंग में प्रोत्साहन, मिलिंग, और अपग्रेडेशन राशि 2023-24 को पिछले तीन वर्ष के अनुसार देने की मंजूरी दी गई, इससे धान की मिलिंग संचालकों की समस्या दूर होगी।

आज की बैठक में उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत केंद्र के सहयोग से चलने वाली पीएम रुसा योजना को मंजूरी दी गई, इस योजना में केंद्र का 60 फीसदी और राज्य का 40 फीसदी योगदान होगा।

बैठक में कल यानी 11 दिसंबर से शुरू होने वाले जनकल्याण पर्व को लेकर चर्चा हुई, जिसमे 45 योजनाओं के हितग्राही जोड़े जाएंगे, साथ ही 63 सेवाओं के लाभ एवं समस्या निवारण को लेकर पंचायत एवं शहरी क्षेत्र में वार्ड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। प्रभारी मंत्री अपने अपने प्रभार वाले क्षेत्र में सरकार के 1 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धि भी बताएंगे।

बैठक में हाल ही में केंद्र सरकार से प्रदेश को मिले 11 केंद्रीय विद्यालय मिलने पर केबिनेट ने पीएम का आभार व्यक्त किया।

बैठक में प्रदेश से जुड़ी दो महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय नदी जोड़ो परियोजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमे बताया गया कि, उप्र के साथ मिलकर केन, बेतवा लिंक परियोजना से मप्र में 8.11 लाख हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई और 41 लाख आवासों को पेयजल उपलब्ध होगा, परियोजना को लेकर एक बड़ा कार्यक्रम जल्द होगा, जिसमे पीएम के आने की संभावना है।

इसके साथ ही दूसरी पार्वती, काली सिंध, चंबल लिंक परियोजना राजस्थान के साथ मिलकर है, जिसका भूमिपूजन 17 दिसंबर को जयपुर में होगा, पीएम मोदी शिलान्यास करेंगे, इस परियोजना से मप्र के 11 जिलों के 6 लाख हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।

आज की बैठक में आगामी वर्ष में 24 – 25 फरवरी को होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर समिट को लेकर भी चर्चा हुई।

You may have missed