एम्स भोपाल ने राष्ट्रीय सिद्ध संस्थान, चेन्नई के सहयोग से जन स्वास्थ्य के लिए सिद्ध जागरूकता शिविर का किया आयोजन 

भोपाल: 12 दिसंबर 2024

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में संस्थान ने 12 दिसंबर, 2024 को राष्ट्रीय सिद्ध संस्थान, चेन्नई और एम्स भोपाल के आयुष विभाग द्वारा आयोजित सिद्ध जागरूकता और स्वास्थ्य शिविर की मेजबानी की। शिविर में रोगियों को मुफ्त परामर्श और सिद्ध औषधियों का वितरण किया गया, जिसका उद्देश्य सिद्ध चिकित्सा पद्धति और उसके लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाना था। यह कार्यक्रम 8वें सिद्ध दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जो 19 दिसंबर 2024 को मनाया जाएगा। सिद्धर अगथियार, जिन्हें सिद्ध चिकित्सा का जनक माना जाता है, को इस दिन सम्मानित किया जाता है, और भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा हर वर्ष इसे सिद्ध दिवस के रूप में मनाने की स्वीकृति दी गई है। इस वर्ष के सिद्ध दिवस का विषय “सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए सिद्ध” है, जिसका लक्ष्य रोगियों, छात्रों, संकाय और आम जनता के बीच सिद्ध चिकित्सा के लाभों को बढ़ावा देना है।

 

इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो. सिंह ने किया, जिन्होंने रोग प्रबंधन में पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। प्रो. सिंह ने स्कूलों, मॉल्स, दूरदराज के क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित करने की आवश्यकता और आयुष प्रणाली को आधुनिक चिकित्सा के साथ एकीकृत करने पर बल दिया। उन्होंने आगे कहा, “वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करके और दूरदराज के क्षेत्रों में पहुंच बढ़ाकर, हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि ये प्राचीन पद्धतियां समकालीन चिकित्सा के साथ मिलकर बेहतर रोगी परिणाम प्रदान करें।”

 

कुल 212 मरीजों को पाचन, मस्कुलोस्केलेटल, त्वचा, श्वसन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए परामर्श और उपचार प्रदान किया गया। मरीजों को सामान्य स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए एक औषधि किट भी प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह और हृदय रोगों पर रोकथाम संबंधी सलाह वाले पर्चे वितरित किए गए। शिविर का आयोजन एम्स भोपाल के आयुष विभाग के चिकित्सा पेशेवरों द्वारा किया गया, जिनमें डॉ. दानिश जावेद, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी; डॉ. ऐश्वर्या ए, चिकित्सा अधिकारी (सिद्ध); डॉ. रंजना पांडेय, चिकित्सा अधिकारी (आयुर्वेद); डॉ. आशीष दीक्षित, चिकित्सा अधिकारी (होम्योपैथी); डॉ. बरकती मोहम्मद तारिक, चिकित्सा अधिकारी (यूनानी); डॉ. मुद्दा सोफिया, चिकित्सा अधिकारी (योग और प्राकृतिक चिकित्सा) और विभाग के सहायक कर्मचारी शामिल थे। इस पहल का उद्देश्य पूरे देश में सिद्ध चिकित्सा प्रणाली को बढ़ावा देना और प्रचारित करना था, खासकर उन मरीजों के बीच जो देश के विभिन्न कोनों से उपचार के लिए एम्स भोपाल आते हैं

You may have missed