February 11, 2026

एम्स भोपाल के डॉ केतन और उनकी टीम का एम्स ऋषिकेश में आयोजित यूरोलॉजी सम्मेलन 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन

भोपाल: 6 मई 2025

एम्स भोपाल के संकाय सदस्यों और रेजिडेंट्स ने एम्स ऋषिकेश में आयोजित यूरोलॉजिकल कॉन्फ्रेंस यूकेयूएसकॉन (UKUSCON) 2025 में महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई। उत्तराखंड यूरोलॉजी एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन में अकादमिक संवाद और सांस्कृतिक अनुभव का अद्वितीय समन्वय देखने को मिला, जो पवित्र नगरी ऋषिकेश में आयोजित हुआ।

डॉ. केतन मेहरा (एसोसिएट प्रोफेसर, यूरोलॉजी विभाग) ने इस सम्मेलन में प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने “शॉकवेव्स इन इरेक्टाइल डिस्फंक्शन” विषय पर एक वैज्ञानिक प्रस्तुति दी, जिसमें पुरुष स्वास्थ्य में उभरते हुए उपचारात्मक दृष्टिकोणों को उजागर किया गया। इसके अतिरिक्त, डॉ. मेहरा को कई वैज्ञानिक सत्रों की अध्यक्षता एवं संचालन के लिए आमंत्रित किया गया, जहां उन्होंने यूरोलॉजी क्षेत्र की समसामयिक चुनौतियों पर उच्च स्तरीय अकादमिक चर्चाओं में सक्रिय योगदान दिया। एम्स भोपाल की अकादमिक भागीदारी को आगे बढ़ाते हुए, डॉ. कुमार मधवन (एसोसिएट प्रोफेसर, यूरोलॉजी विभाग) ने यूरोलॉजी में सोनोग्राफी के उपयोग पर आधारित लाइव रेजिडेंट प्रशिक्षण सत्रों में भाग लिया और देश भर से आए युवा यूरोलॉजिस्ट्स के साथ व्यावहारिक ज्ञान साझा किया। एम्स भोपाल के यूरोलॉजी विभाग के रेजीडेंट्स ने वृषण कैंसर, युवतियों में दुर्लभ यूरोलॉजिकल ट्रॉमा के प्रबंधन, और बाल यूरोलॉजी में असामान्य विषयों पर मौलिक शोध प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों को काफी सराहना मिली और इन्होंने सम्मेलन के विविध शैक्षणिक वातावरण को समृद्ध किया।

इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा: “यूकेयूएसकॉन 2025 जैसे कार्यक्रम ज्ञान-विनिमय और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। हमारे संकाय सदस्यों और रेजिडेंट्स की भागीदारी एम्स भोपाल की उत्कृष्टता को दर्शाती है। मैं डॉ. केतन मेहरा, डॉ. कुमार मधवन और हमारे रेजिडेंट्स को संस्थान का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व के लिए बधाई देता हूं।”

You may have missed