February 11, 2026

एम्स भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस 2025 के उपलक्ष्य में नर्स सप्ताह के अंतर्गत बीएलएस प्रशिक्षण सत्र का आयोजन

भोपाल: 9 मई 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में, अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस 2025 के उपलक्ष्य में 5 मई से 12 मई 2025 तक मनाए जा रहे नर्स सप्ताह समारोह की श्रृंखला में दिनांक 6 मई 2025 को बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन नर्सिंग सेवाओं एवं कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नर्सिंग पेशेवरों को आपातकालीन परिस्थितियों में रोगियों को त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान करने हेतु आवश्यक जीवन रक्षक तकनीकों में दक्ष बनाना था। यह प्रशिक्षण सत्र ट्रॉमा एंड इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के सहयोग से एम्स भोपाल के स्किल लैब में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र का समन्वयन श्री सर्वेश जी एवं श्री महीपाल जी द्वारा किया गया, जिनकी सक्रिय सहभागिता से आयोजन अत्यंत सफल रहा। इस प्रशिक्षण सत्र का नेतृत्व डॉ. सौरभ (सहायक प्राध्यापक, ट्रॉमा एवं आपातकालीन चिकित्सा विभाग), डॉ. पूजा (सहायक प्राध्यापक, ट्रॉमा एवं आपातकालीन चिकित्सा विभाग), श्री हेमंत (ANS) तथा श्री नेथा जी द्वारा किया गया। इन्होंने प्रतिभागियों को बीएलएस से संबंधित आवश्यक सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण में कुल 32 नर्सिंग पेशेवरों ने भाग लिया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए एवं उन्हें आपातकालीन सेवाओं में दक्षता और तत्परता के साथ कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “नर्सिंग स्टाफ किसी भी अस्पताल की रीढ़ होते हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल उनकी व्यावसायिक दक्षता को बढ़ाते हैं, बल्कि रोगियों की जान बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बीएलएस जैसे सत्रों से हमारे नर्सिंग पेशेवरों का आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता दोनों सशक्त होती हैं। एम्स भोपाल में हम निरंतर ऐसे प्रयास करते रहेंगे, जिससे हमारी स्वास्थ्यसेवा प्रणाली और अधिक मजबूत बन सके।”

You may have missed