एम्स भोपाल में विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर जागरूकता अभियान का आयोजन

भोपाल: 7 जून 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में 7 जून को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर आम नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि वे अपने दैनिक जीवन में सुरक्षित, स्वच्छ और पोषणयुक्त भोजन की महत्ता को समझें और उसे व्यवहार में लाएं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दूषित भोजन और दूषित जल से होने वाले स्वास्थ्य प्रभावों की ओर वैश्विक ध्यान आकर्षित करना तथा खाद्य जनित बीमारियों के जोखिम को कम करने के उपायों को बढ़ावा देना था। सुरक्षित भोजन केवल बेहतर स्वास्थ्य के लिए ही आवश्यक नहीं है, बल्कि यह सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। एम्स भोपाल द्वारा नागरिकों, छात्रों और स्वास्थ्यकर्मियों को जागरूक किया गया कि स्वच्छ खानपान की आदतें, उचित भंडारण, स्वच्छ जल का उपयोग और खाद्य सामग्री की सतर्कता से जांच जैसे साधारण किंतु प्रभावशाली उपाय गंभीर बीमारियों से बचाव में अत्यंत सहायक हो सकते हैं। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “सुरक्षित भोजन ही सुरक्षित जीवन की गारंटी देता है। खेत से लेकर थाली तक, भोजन की हर प्रक्रिया में सावधानी और जागरूकता अनिवार्य है। हम सभी का यह दायित्व है कि हम स्वयं भी सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि ‘स्वस्थ भारत, सुरक्षित भारत’ का सपना साकार हो सके।” इसके अतिरिक्त, नागरिकों से यह अपील भी की गई कि वे खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते समय उनके लेबल अवश्य पढ़ें, ताजे फल एवं सब्ज़ियों को अच्छी तरह धोकर उपयोग करें, खाद्य सामग्री की समाप्ति तिथि की जांच करें तथा संदिग्ध या अस्वच्छ भोजन से परहेज़ करें।

You may have missed