February 13, 2026

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल से की औपचारिक भेंट

भोपाल: 26 जून 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के नेतृत्व में संस्थान स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। इसी क्रम में आज प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने भारत सरकार की केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल से सौजन्य भेंट की। प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने मंत्री महोदया के भोपाल आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत किया और संस्थान द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों एवं भावी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने एम्स भोपाल में संचालित प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों, नई चिकित्सा सुविधाओं, अनुसंधान पहलों तथा नवाचारों की जानकारी दी और जनस्वास्थ्य के प्रति संस्थान की गहरी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने एम्स भोपाल की सेवाओं और नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान का कार्य देश की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने मंत्रालय की ओर से भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “एम्स भोपाल जनस्वास्थ्य सेवा में उत्कृष्टता प्राप्त करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल जी से हुई यह मुलाकात हमारे लिए अपनी उपलब्धियों और आगामी योजनाओं को साझा करने का एक महत्वपूर्ण अवसर रही। हमें प्रसन्नता है कि हमारे कार्यों को केंद्र सरकार द्वारा सराहना मिल रही है और हमें भविष्य के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन प्राप्त हुआ है। यह संवाद नीतिगत दिशा और संस्थागत विकास के दृष्टिकोण से अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।”

You may have missed