नववर्ष का स्वागत: एम्स भोपाल ने रोगी एवं उनके परिजनों के बीच कंबल वितरण कर पेश की मानवीय सेवा की मिसाल

भोपाल: 31 दिसंबर 2024

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के नेतृत्व में, संस्थान ने नववर्ष का स्वागत मानवता और सेवा के संदेश के साथ किया। 31 दिसंबर 2024 की संध्या पर प्रो. सिंह के नेतृत्व में सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए रात्रि विश्राम गृह में ठहरे रोगी एवं उनके परिजनों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए। इसके अलावा एम्स के विभिन्न खुले स्थानों पर अलाव की भी व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर प्रो. सिंह ने कहा: “नए साल के आगमन पर जब सभी लोग जश्न मना रहे हैं, एम्स भोपाल अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए रोगी एवं उनके परिजनों की सहायता कर रहा है।

यह कंबल वितरण पहल ठंड से बचाव और सामुदायिक सेवा की दिशा में हमारा छोटा सा प्रयास है।” उन्होंने समाजसेवियों और गैर-सरकारी संगठनों का आभार प्रकट किया, जिन्होंने भोपाल शहर और एम्स भोपाल के रात्रि विश्राम गृहों में जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, ऊनी वस्त्र, और कंबल वितरित करने में सहयोग किया। इस कार्यक्रम में एम्स भोपाल के रात्रि विश्राम गृह के अटेंडेंट्स, विभिन्न फैकल्टी सदस्य, अधिकारी, और कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्होंने इस पहल को एक मानवीय कदम बताया और एम्स भोपाल की रोगियों, उनके परिजनों, और आम नागरिकों के प्रति सेवा और समर्पण की सराहना की।