भोपाल: 24 जून 2025
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में मूंग खरीदी की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग के प्रमुख सचिव, संचालक कृषि, सहकारी विपणन संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में प्रदेश में समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी की स्थिति, किसानों के पंजीयन, खरीदी केन्द्रों की कार्यप्रणाली, तौल एवं भुगतान की प्रक्रिया, भंडारण तथा परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की गई। मंत्री कंषाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मूंग खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता से किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। खरीदी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, जैसे पीने का पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था एवं किसानों की तौल पर्ची और भुगतान की जानकारी एसएमएस के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खरीदी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिम्मेदार अधिकारी फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लें और प्रत्येक खरीदी केंद्र पर किसानों से फीडबैक लें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन जिलों में खरीदी की गति धीमी है, वहां अतिरिक्त संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी और निगरानी के लिए विशेष दल गठित किए जाएंगे। मंत्री कंषाना ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की मेहनत की पूरी कदर करती है और उनके हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

More Stories
हिंदू नववर्ष महोत्सव मेले का शुभारंभ, पहले ही दिन उमड़ी भारी भीड़
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने आगामी भर्ती प्रक्रिया को और बेहतर बनाने हेतु उप पुलिस महानिरीक्षकों के साथ की समीक्षा बैठक
भारतीय रेल तेज, सुरक्षित और आधुनिक—आम आदमी की सवारी: रेल मंत्री