February 12, 2026

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर मप्र पुलिस का ‘एकता दौड़ (Run for Unity)’ का आयोजन

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर मप्र पुलिस का ‘एकता दौड़ (Run for Unity)’ का आयोजन

भोपाल: 29 अकटूबर 2025

भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा राज्य के सभी जिलों और थाना स्तर पर “एकता दौड़ (Run for Unity)” का आयोजन किया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि यह कार्यक्रम 31 अक्टूबर को प्रातः 08:00 बजे आयोजित किया जाए। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समरसता का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है।

“एकता दौड़” में युवा, खिलाड़ी, नगर एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्य, विद्यालय और महाविद्यालयों के विद्यार्थी, NCC एवं NSS कैडेट्स, सृजन समूह की बालिकाएँ, अभिमन्यु सामुदायिक पुलिस के बालक, पुलिस कर्मी और विसबल वाहिनियों के पुलिस कर्मी भाग लेंगे। दौड़ का मार्ग लगभग 3 किलोमीटर का होगा और निर्धारित रूट को नो-व्हीकल जोन घोषित किया जाए। उन्‍होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्‍थल पर पानी, ग्लूकोज़, फर्स्ट एड बॉक्स तथा एम्बुलेंस जैसी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएं। कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जाए तथा प्रारंभिक और समापन स्थल पर राष्ट्रीय एकता दिवस से संबंधित पोस्टर, बैनर और हॉर्डिंग्स लगाए जाएं। पुलिस अधीक्षक मुख्यालय में रहकर कार्यक्रम में भाग लेंगे, जबकि अन्य अधिकारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में उपस्थित रहेंगे।

उन्‍होंने इस कार्यक्रम के सम्पन्न होने के उपरांत इसके फोटो एवं वीडियों जिला पुलिस अधीक्षक के स्तर से सोशल मीडिया पर वृहद प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए।

डीजीपी श्री मकवाणा ने उप पुलिस महानिरीक्षक एवं विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, पुलिस मुख्यालय, भोपाल श्री विनीत कपूर, को प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्‍त किया है। जिला स्तर पर नोडल अधिकारी संबंधित जिला पुलिस अधीक्षक रहेंगे।

डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा ने कहा कि “Run for Unity” कोई प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने का जन-अभियान है। उन्‍होनें सभी जिलों व नागरिकों से अपेक्षा की है कि आयोजन में अनुशासित और उत्साहपूर्ण सहभागिता दें, ताकि देश की अखंडता एवं विकास में नया उत्साह संचारित किया जा सके।

You may have missed