February 11, 2026

मेपेक्स 2025” का शुभारंभ, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक बी डी सबनानी उपस्थित रहे

भोपाल: 21 नवम्बर, 2025

मध्यप्रदेश डाक परिमंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 14वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी “मेपेक्स 2025” का भव्य शुभारंभ हुआ। समन्वय भवन भोपाल में आयोजित इस राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्घाटन माननीय आलोक शर्मा, सांसद भोपाल संसदीय क्षेत्र द्वारा किया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षता विनीत माथुर, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मप्र डाक परिमंडल द्वारा की गई। अतिथियों का स्वागत श्री पवन कुमार डालमिया, निदेशक डाक सेवाएं (मुख्यालय) द्वारा किया गया । प्रदर्शनी में गणमान्य नागरिकों, फिलाटेलिस्टों, अधिकारियों सहित विभिन्न स्कूलों से आए अध्यापकों व विद्यार्थियों ने भी हिस्सा लिया। 

प्रदर्शनी में 170 डाक टिकट संग्रहकर्ताओं के कुल 325 फ्रेम समन्वय भवन के 8000 वर्ग फिट क्षेत्र में प्रदर्शित किए गए है । इन फ्रेमों के माध्यम से डाक टिकट संग्रहकर्ताओं द्वारा विज्ञान के अतिरिक्त भारतीय सेना, स्वतंत्रता पूर्व का भारत, होल्कर एस्टेट, अंतरिक्ष में विज्ञान यात्रा, 1857 से 1947 तक स्वतंत्रता संग्राम, रामायण, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारत रत्न अवार्ड, स्वच्छ भारत, मप्र टूरिज़म, भारतीय रेल आदि के साथ साथ अन्य कई विषयों पर दुर्लभ डाक टिकटों व स्पेशल कवर का प्रदर्शन किया गया है।

उद्घाटन के अवसर पर अपने उद्बोधन में माननीय मुख्य अतिथि आलोक शर्मा ने कहा कि भारत की विज्ञान यात्रा तथा आत्मनिर्भर भारत विषय पर आयोजित यह डाक टिकट प्रदर्शनी हमारी विशाल विरासत का दर्पण है। यह प्रदर्शनी पिछले 78 वर्षों में भारत में हुई प्रगति की कहानी कह रही है। ऐसी प्रदर्शनियां पुरानी पीढ़ी को नई पीढ़ी से जोड़ने का कार्य करती है। इस अवसर पर उन्होने श्रीमती रेखा भटनागर द्वारा बनाए गए रेखांकन की प्रशंसा की ।

इसके पूर्व विनीत माथुर, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मप्र डाक परिमंडल ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि यह प्रदर्शनी विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों के लिए अत्यधिक ज्ञानवर्धक रहेगी। इस प्रदर्शनी में इतिहास से लेकर आधुनिक तकनीकी विकास को दर्शाया गया है। उन्होने बताया कि स्वतंत्र भारत में पहला डाक टिकट 21 नवम्बर 1947 को ‘जय हिन्द’ शीर्षक से जारी किया गया था। इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जी का सपना आत्मनिर्भर भारत 2047 को ध्यान मे रखकर भी डाक टिकटों का प्रदर्शन किया गया है।

प्रदर्शनी में विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों के लिए पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया एवं छात्राओं ने मनमोहक एकल व समूह नृत्य प्रस्तुत किए। साथ ही उमंग वेल्फेयर सोसायटी द्वारा समूह गान, समाज सुधारक स्व. शंकर प्रसाद ताम्रकार पर विशेष आवरण का विमोचन, इंदौर के फिलाटेलिस्ट ओपी केडिया की पुस्तक का विमोचन, सुनील सचदेवा एजीएम भेल द्वारा कार्यशाला का आयोजन भी किया गया।

प्रदर्शनी में भगवान सबनानी, विधायक भोपाल दक्षिण पश्चिम, श्रीमती मालती राय महापौर भोपाल, योगेश ताम्रकार महापौर सतना, ग्वालियर हाईकोर्ट के जस्टिस अनिल वर्मा आदि उपस्थित रहे।

You may have missed