एम्स भोपाल की डॉ. भावना शर्मा को ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी द्वारा कॉर्निया में मानद एफएआईसीओ (FAICO) से सम्मानित किया गया

भोपाल: 19 मार्च 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह संस्थान में शैक्षणिक श्रेष्ठता और ज्ञान के आदान-प्रदान को एक प्रेरक परंपरा के रूप में विकसित कर रहे हैं। उनकी प्रेरणा से संकाय सदस्य और छात्र निरंतर उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। हाल ही में, एम्स भोपाल के नेत्र विज्ञान विभाग की प्रमुख, डॉ. भावना शर्मा को ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी के ऑल इंडिया कोलेजियम ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी (FAICO) द्वारा कॉर्निया विशेषज्ञता में मानद फेलो की उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान 6 मार्च 2025 को आयोजित एआईओएस की गवर्निंग बोर्ड की बैठक में स्वीकृत किया गया। यह सम्मान डॉ. भावना शर्मा की कॉर्निया चिकित्सा में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और वर्षों की समर्पित सेवा का प्रमाण है। परीक्षा के पारंपरिक मार्ग के विपरीत, डॉ. शर्मा ने सौहार्दपूर्वक प्रवेश परीक्षा न देने का विकल्प चुना, जिससे एक युवा नेत्र विशेषज्ञ को अवसर मिल सके। मानद FAICO के लिए उनका चयन पूरी तरह से उनके प्रतिष्ठित करियर की उपलब्धियों और नेत्र विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान पर आधारित था।

अपने सम्मान पर आभार व्यक्त करते हुए डॉ. भावना शर्मा ने कहा: “मानद FAICO (कॉर्निया) प्राप्त करना मेरे लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है। इस मान्यता को विशेष रूप से इसलिए भी महत्वपूर्ण मानती हूं क्योंकि यह मेरे मरीजों और विद्यार्थियों को समर्पित है। मैंने परीक्षा में शामिल न होकर एक युवा नेत्र रोग विशेषज्ञ को अवसर देने का निर्णय लिया, जिससे यह सम्मान और भी मूल्यवान हो गया है।

इस उपलब्धि प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने डॉ. भावना शर्मा को बधाई देते हुए कहा: “डॉ. भावना शर्मा को ऑल इंडिया कोलेजियम ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी द्वारा मानद फेलोशिप से सम्मानित किया जाना एम्स भोपाल के लिए गर्व का विषय है। उनका समर्पण, विशेषज्ञता और नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने न केवल कॉर्निया चिकित्सा में उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं, बल्कि युवा नेत्र चिकित्सकों को भी प्रेरित किया है।” मानद एफएआईसीओ एआईओएस द्वारा प्रदान किया जाने वाला एक प्रतिष्ठित सम्मान है, जो उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया है।