भोपाल: 24 जुलाई 2026
आयकर विभाग द्वारा शुक्रवार को 47, नवीन आयकर भवन, अरेरा हिल्स, नर्मदापुरम रोड, भोपाल में 167वें आयकर दिवस का गरिमामय एवं भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्र निर्माण में करदाताओं की भूमिका, ईमानदार कर अनुपालन और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
कार्यक्रम में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़) सुश्री मोना मोहन्ती तथा आयकर महानिदेशक (अन्वेषण) श्री बिजॉय कुमार पण्डा सहित विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अध्यक्ष श्री रवि अग्रवाल का वीडियो संदेश सुनाया गया, जिसमें उन्होंने करदाताओं की सहभागिता, पारदर्शी कर व्यवस्था और विकसित भारत के निर्माण में आयकर विभाग की भूमिका पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में सुश्री मोना मोहन्ती ने कहा कि “कर भुगतान केवल एक कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण योगदान है। एक जागरूक और ईमानदार करदाता ही मजबूत अर्थव्यवस्था तथा विकसित भारत की नींव रखता है।” उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से करदाताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा कर अनुपालन के प्रति समाज में विश्वास और जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात आयकर आयुक्त (प्रशासन) श्री राम कुमार यादव ने विभाग की गत वर्ष की उपलब्धियों, कर संग्रह, जन-जागरूकता अभियानों, करदाता सेवाओं तथा प्रशासनिक सुधारों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विभाग ने तकनीक आधारित सेवाओं को बढ़ावा देकर करदाताओं को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
समारोह का एक विशेष आकर्षण विभाग के उन खिलाड़ियों का सम्मान रहा जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभाग और देश का नाम रोशन किया। सुश्री शिखा चौहान को कयाकिंग स्लालम प्रतियोगिता तथा श्री शिवराज शान्खला को शूटिंग प्रतियोगिताओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
आयकर दिवस के उपलक्ष्य में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय-01, भोपाल में आयोजित पोस्टर निर्माण एवं भाषण (एलोक्यूशन) प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में कर भुगतान के महत्व, राष्ट्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
विद्यालय द्वारा पोस्टर निर्माण, भाषण प्रतियोगिता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के सफल आयोजन में दिए गए सहयोग के लिए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय-01, भोपाल को विभाग की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और अधिक आकर्षक बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया और पूरे आयोजन में उत्साह एवं देशभक्ति का वातावरण बना रहा।
समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आयकर विभाग केवल राजस्व संग्रह करने वाली संस्था नहीं, बल्कि देश के आर्थिक विकास की मजबूत आधारशिला है। करदाताओं का विश्वास, ईमानदार कर अनुपालन और विभाग की पारदर्शी कार्यप्रणाली ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को गति प्रदान करेगी।
गरिमामय वातावरण में संपन्न हुए इस समारोह के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित अतिथियों ने 167वें आयकर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित में कर जागरूकता को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

More Stories
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल
प्रदेश में महिला सशक्तीकरण योजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार