भोपाल: 19 जुलाई 2026
रेल मंत्रालय ने दी बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) संजय कुमार जैन के त्यागपत्र के उपरांत, रेल मंत्रालय ने आईआरसीटीसी के निदेशक (पर्यटन एवं विपणन) राहुल हिमालियन को आईआरसीटीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) के वर्ष 1999 बैच के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अधिकारी राहुल हिमालियन को भारतीय रेल एवं आईआरसीटीसी में 26 वर्षों से अधिक का समृद्ध एवं विविध अनुभव प्राप्त है। वे 16 फरवरी, 2024 से रेल मंत्रालय के अधीन अनुसूची ‘ए’ नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम आईआरसीटीसी के निदेशक मंडल में पूर्णकालिक कार्यात्मक निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। निदेशक (पर्यटन एवं विपणन) के रूप में वे पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी, मानव संसाधन विकास, अवसंरचना, प्रशासन तथा राजभाषा जैसे महत्वपूर्ण विभागों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं।
हिमालियन का शैक्षणिक जीवन भी अत्यंत उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायक रहा है। वे द लॉरेंस स्कूल के हेड बॉय एवं सर्वश्रेष्ठ छात्र रहे। उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), हमीरपुर से विद्युत अभियांत्रिकी में स्वर्ण पदक के साथ स्नातक उपाधि प्राप्त की तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली से अभियांत्रिकी में स्नातकोत्तर उपाधि 10.00 सीजीपीए के साथ अर्जित की। उन्हें सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण छात्र के रूप में प्रतिष्ठित राष्ट्रपति स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया गया है।
20 जुलाई, 2026 से अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण करने के साथ ही हिमालियन आईआरसीटीसी के समग्र संचालन एवं रणनीतिक नेतृत्व का दायित्व संभालेंगे। साथ ही वे निदेशक (पर्यटन एवं विपणन) के रूप में अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करते रहेंगे।

More Stories
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल
167वें आयकर दिवस पर राष्ट्र निर्माण में करदाताओं की भूमिका का संदेश, उत्कृष्ट खिलाड़ियों और विद्यार्थियों का हुआ सम्मान