दिनांक: 29 मार्च 2025
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में एम्स भोपाल के नेत्र रोग विभाग की नेत्र बैंक टीम ने 25 मार्च 2025 को राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईटीटीटीआर) भोपाल द्वारा श्यामला हिल्स क्षेत्र, एनआईटीटीटीआर कैंपस में आयोजित मेगा हेल्थ केयर एक्टिविटीज में सक्रिय भागीदारी निभाई। एम्स भोपाल की टीम ने नेत्र रोग विभाग की प्रोफेसर और प्रमुख डॉ. भावना शर्मा की देखरेख में नेत्रदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें शिक्षा, परामर्श और दाता पंजीकरण शामिल थे। इस कार्यक्रम की मुख्य विशेषता थी 40 से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए परामर्श देना और संकल्प पत्र भरवाना। इस पहल का उद्देश्य नेत्रदान जागरूकता को बढ़ावा देना और लोगों को अपनी मृत्यु के बाद नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना है। एम्स भोपाल की आई बैंक टीम लंबे समय से नेत्रदान को प्रोत्साहित करने और कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रही है।
इस पहल की सराहना करते हुए प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “नेत्रदान एक महान सेवा है, जो दूसरों को दृष्टि प्रदान कर उनके जीवन को बदल सकता है। इस तरह की जागरूकता गतिविधियां समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।” नेत्र बैंक टीम की इस सराहनीय भागीदारी ने नेत्रदान को लेकर लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एम्स भोपाल की यह पहल नेत्रदान को प्रोत्साहित करने और दृष्टिहीनता को कम करने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम है।

More Stories
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल
167वें आयकर दिवस पर राष्ट्र निर्माण में करदाताओं की भूमिका का संदेश, उत्कृष्ट खिलाड़ियों और विद्यार्थियों का हुआ सम्मान