February 12, 2026

एम्स भोपाल में होगा एसोसिएशन ऑफ कोलन एंड रेक्टल सर्जन्स ऑफ इंडिया का 28वां इंस्ट्रक्शनल कोर्स और एफएसीआरएसआई परीक्षा

भोपाल: 1 अप्रैल 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में जनरल सर्जरी विभाग द्वारा एसोसिएशन ऑफ कोलन एंड रेक्टल सर्जन्स ऑफ इंडिया (ACRSI) का 28वां इंस्ट्रक्शनल कोर्स और फेलोशिप ऑफ द एसोसिएशन ऑफ कोलोन एंड रेक्टल सर्जन्स ऑफ इंडिया (FACRSI) परीक्षा 2 अप्रैल से 6 अप्रैल 2025 तक आयोजित की जाएगी। तीन दिवसीय इस इंस्ट्रक्शनल कोर्स में कोलोरेक्टल सर्जरी के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों पर आधारित वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। पहले दिन सर्जिकल स्टेपलर्स पर, दूसरे दिन स्टोमा एप्लायंसेज पर, और तीसरे दिन प्रोक्टोलॉजी में लेजर के उपयोग पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन सत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा। देश और विदेश के जाने-माने कोलोरेक्टल सर्जन्स और विशेषज्ञ इस कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करेंगे। कोलोरेक्टल सर्जन्स वे विशेषज्ञ डॉक्टर होते हैं जो बड़ी आंत (कोलन), मलाशय (रेक्टम) और गुदा (एनस) से जुड़ी बीमारियों का निदान और इलाज करते हैं।

इंस्ट्रक्शनल कोर्स के बाद, एसीआरएसआई फैलोशिप प्राप्त करने के इच्छुक उम्मीदवारों को कड़ी परीक्षा प्रक्रिया से गुजरना होगा। पहले दिन, उम्मीदवारों का मूल्यांकन बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs), लघु और विस्तृत उत्तर वाले प्रश्नों के साथ-साथ टेबल वाइवा के माध्यम से किया जाएगा। दूसरे दिन, उनका मूल्यांकन दो लघु केस स्टडी और एक विस्तृत केस स्टडी के माध्यम से किया जाएगा। एम्स भोपाल चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रतिबद्ध है। यह कार्यक्रम कोलोरेक्टल सर्जरी के क्षेत्र में ज्ञान और कौशल के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।

प्रो. सिंह ने इस कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “इस प्रतिष्ठित कोर्स और परीक्षा की मेजबानी करना चिकित्सा शिक्षा और सर्जिकल विशेषज्ञता को आगे बढ़ाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस तरह के कार्यक्रम न केवल डॉक्टरों को नवीनतम तकनीकों की जानकारी देते हैं, बल्कि समाज के व्यापक हित में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में भी सहायक होते हैं।

You may have missed