राहुल गांधी विदेश में जाकर देश की छवि को धूमिल करते हैं- मंत्री सारंग
भोपाल: 21 अप्रैल 2025
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अमेरिका की बॉस्टन युनिवर्सिटी में दिए बयान पर ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत निर्वाचन आयोग पर बयान देना शर्मनाक है। मंत्री सारंग ने कहा कि राहुल गांधी विदेश में जाकर देश की छवि को धूमिल करते हैं, जो देशद्रोह की श्रेणी में आता है। राहुल का बयान देश के मान-सम्मान को कम करने वाला है। राहुल गांधी को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलने का अवसर इसलिए मिलता है, क्योंकि वे भारत के सांसद और विपक्ष के नेता हैं। लेकिन विदेश में जाकर वे राजनीतिक बयानबाजी करते हैं, जो शर्मनाक है।
*अगर चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं तो सांसद कैसे बने*
मंत्री सारंग ने कहा कि हमारी परंपरा गौरवशाली रही है। विपक्ष में रहकर सरकार की आलोचना देश में करना स्वतंत्रता है, लेकिन विदेश की धरती पर भारत के सम्मान को ठेस पहुंचाना गलत है। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देते हैं। उन्होंने नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। मंत्री सारंग ने कहा कि नेहरू परिवार और कांग्रेस हमेशा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के सम्मान को कम करने का काम करते हैं। अगर राहुल गांधी को चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है, तो वे खुद सांसद कैसे बने? उनकी बहन प्रियंका गांधी और मां सोनिया गांधी सांसद कैसे चुनी गईं? कांग्रेस को इतनी सीटें कैसे मिलीं?
*राहुल अपनी नाकामी का ठीकरा दूसरों पर फोड़ना बंद करें*
मंत्री सारंग ने राहुल गांधी को नसीहत दी कि वे अपनी नाकामी का ठीकरा दूसरों पर फोड़ना बंद करें। उन्होंने कांग्रेस सांसद की टिप्पणी को बचकाना करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल को चाहिए कि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के मान-सम्मान को गिराने की कोशिश न करें। यह बचकाना हरकत है।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू