February 11, 2026

मण्डल रेल चिकित्सालय, भोपाल ने मनाया 29 वाँ स्थापना-दिवस

Oplus_16908288

भोपाल: 24 जून 2025

मण्डल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में मण्डल रेल चिकित्सालय भोपाल का 29 वाँ स्थापना-दिवस आज सादगी एवं गरिमा के साथ मनाया गया। 24 जून 1996 को स्थापित इस चिकित्सालय ने समय के साथ स्वास्थ्य-सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि करते हुए रेलकर्मियों तथा उनके आश्रितों को समर्पित चिकित्सा-सहायता प्रदान की है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रशासन) डॉ. रचना श्रीवास्तव की उपस्थिति में हुआ। डॉ. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में समस्त चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, निष्ठा तथा लगन के साथ दायित्व निर्वहन हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि “सामूहिक प्रयासों से ही हम अस्पताल को नई ऊँचाइयों पर पहुँचा सकते हैं।”

इस अवसर पर मुख्यालय से प्राप्त पुरस्कार-राशि सभी कर्मचारियों के मध्य वितरित की गई। पुरस्कृत सदस्यों को गणमान्य अधिकारियों ने शॉल एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में विभिन्न विभागाध्यक्ष, सहायक नर्सिंग अधिकारी तथा समस्त अस्पताल-कर्मचारी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि भोपाल मंडल न केवल रेल यात्रियों को बल्कि रेलकर्मियों व उनके परिवारों को भी

उत्कृष्ट चिकित्सा-सुविधाएँ उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। “स्वास्थ्य के प्रति सजग कर्मठ स्टाफ ही रेल परिचालन की नींव है,” उन्होंने कहा।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी कर्मचारियों ने आगामी वर्ष में रोगी-सेवा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ करने तथा नवीन चिकित्सा-तकनीकों को अपनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। अस्पताल प्रशासन ने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य-सेवाओं का यह सतत उन्नयन भविष्य में भी जारी रहेगा।

You may have missed