भोपाल: 02 जुलाई 2025
भोपाल रेलवे मंडल की हॉकी टीम ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए 8वीं राष्ट्रीय इनडोर हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता महाराष्ट्र के नासिक शहर में आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता के पहले ही मैच में भोपाल रेलवे टीम ने पंजाब को 3-0 से हराकर अपने विजय अभियान की जोरदार शुरुआत की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में टीम ने वेस्ट बंगाल पर 3-0 की जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में झारखंड को कड़े मुकाबले में 6-5 से पराजित करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में टीम ने मुंबई पर 4-0 की निर्णायक जीत हासिल कर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि इस प्रतियोगिता में टीम के कप्तान एवं गोलकीपर श्री अमानुल्लाह का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। विशेष रूप से क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में उनकी बेहतरीन गोलकीपिंग ने टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और टीम को फाइनल तक पहुँचाया।
विजयी टीम के भोपाल लौटने पर मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रश्मि दिवाकर, खेल अधिकारी श्री प्रशांत यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विजय सिंह और वरिष्ठ मंडल अभियंता श्री ऋतुराज शर्मा ने
टीम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। विजेता टीम को शील्ड ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
भोपाल रेलवे मंडल की यह उपलब्धि रेलवे खेल परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली साबित होगी और आने वाले समय में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगी।

More Stories
हिंदू नववर्ष महोत्सव मेले का शुभारंभ, पहले ही दिन उमड़ी भारी भीड़
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने आगामी भर्ती प्रक्रिया को और बेहतर बनाने हेतु उप पुलिस महानिरीक्षकों के साथ की समीक्षा बैठक
भारतीय रेल तेज, सुरक्षित और आधुनिक—आम आदमी की सवारी: रेल मंत्री