जेल केवल बंदी गृह नहीं बल्कि सुधार गृह हो- मंत्री सारंग
भोपाल: 16 अगस्त, 2025
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शनिवार को जन्माष्टमी के अवसर पर भोपाल स्थित केंद्रीय जेल परिसर के सांस्कृतिक भवन में आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी समारोह में सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन किया। तथा उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं जेल प्रशासन को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर मंत्री सारंग ने केंद्रीय जेल भोपाल के नवनिर्मित उच्च सुरक्षा इकाई भवन का लोकार्पण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण से जेल सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी साथ ही कैदियों को आवश्यक सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सारंग ने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य है कि जेल केवल बंदी गृह नहीं बल्कि सुधार गृह हो। यहां आने वाले प्रत्येक कैदी को पुनः समाज की मुख्यधारा में जुड़ने का अवसर मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से जेलों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सकारात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं ताकि कैदी स्वयं को सुधारकर बेहतर जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
मंत्री सारंग ने यह भी बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर न केवल भोपाल बल्कि सम्पूर्ण मध्यप्रदेश की जेलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस प्रकार के आयोजन से जेल वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
मंत्री सारंग ने भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से सभी के मंगल और कल्याण की कामना करते हुए कहा कि समाज का प्रत्येक वर्ग धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जुड़कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू