भोपाल: 15 अगस्त 2025
आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 79वां स्वतंत्रता दिवस भोपाल रेल मंडल में उत्साह, गर्व और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रांगण में आयोजित हुआ, जहां मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर उसे सलामी दी। इसके उपरांत उन्होंने रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा प्रस्तुत आकर्षक परेड का निरीक्षण किया और महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेल का संदेश वाचन कर वर्ष 2024-25 में पश्चिम मध्य रेल की उपलब्धियों एवं प्रदर्शन की जानकारी साझा की।
मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी ने सभी रेलकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भोपाल मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर टीम भावना के साथ कार्य करते हुए राजस्व अर्जन, कर्मचारी कल्याण, संरक्षा, सुरक्षा, अवसंरचना अनुरक्षण और ट्रेन संचालन जैसे सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यह उपलब्धियां सभी के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और निरंतर प्रयास का परिणाम हैं। उन्होंने ऐसे सभी रेलकर्मियों के प्रति आभार और सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में रेल सुरक्षा बल, स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में देशभक्ति और उत्साह का रंग भर दिया।
इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, भोपाल मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अनीता त्यागी एवं सदस्याएं, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) श्री अनुपम अवस्थी, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अभिराम खरे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विजय सिंह सहित सभी शाखा अधिकारी, अन्य रेल अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू