ख्यातिलब्ध कवियों ने अपने हास्य तथा चुटीले व्यंगों से श्रोताओं का किया भरपूर मनोरंजन
भोपाल: 26 सितम्बर 2025
पश्चिम मध्य रेल भोपाल मंडल राजभाषा विभाग द्वारा दिनांक 16.09.2025 से 26.09.2025 तक आयोजित राजभाषा पखवाड़े का समापन समारोह दिनांक 26.09.2025 को मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी योगेन्द्र बघेल के मुख्य आतिथ्य में नर्मदा रेलवे क्लब ऑडिटोरियम, हबीबगंज में उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन तथा सरस्वती वंदना के साथ किया गया। हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते अपने उद्बोधन में मंडल रेल प्रबंधक, श्री पंकज त्यागी ने कहा कि भारत, विश्व में सर्वाधिक संस्कृतियों और भाषाओं वाला देश हैं। हिंदी इसमें निस्सन्देह प्रमुख भाषा है। भारतीय रेल एवं हिंदी दोनों पूरे देश को एक सूत्र में पिरोकर रखने में महत्वपूर्ण योगदान निभा रही है।
उन्होंने बताया कि आज का युग कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी का युग है। हिंदी के क्षेत्र में भी कंप्यूटर ने भी क्रांति की है। इंटरनेट, रेलनेट, यात्री आरक्षण प्रणाली, ई-टिकट, मोबाइल द्वारा टिकट बुकिंग, ई-मेल, रेलवे की वेबसाइट, सोशल मीडिया के साधन, जैसे ट्विटर, फेसबुक ने हिंदी को विश्व पटल पर स्थान दिलाया है। उन्होंने कहा कि हिंदी का महत्त्व केवल राजभाषा में ही नहीं, बल्कि जनभाषा के रूप में भी सर्वोपरि है। भारतीय रेलवे हमारे देश में सार्वजनिक क्षेत्र का सबसे बड़ा प्रतिष्ठान है, जिसमें लगभग 14 लाख व्यक्ति काम करते हैं और लगभग 03 करोड़ यात्री प्रतिदिन उसका उपयोग करते हैं। जनसंपर्क का इससे बड़ा अन्य कोई संगठन नहीं है। इस कारण जन सेवा की हमारी जिम्मेदारियां भी अधिक हैं और हमें जनभावना का सबसे अधिक ध्यान रखना होगा
इस समारोह में माननीय रेल, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, श्री अश्विनी वैष्णव की ओर से हिंदी दिवस के अवसर पर जारी संदेश का वाचन अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रशासन श्री अभिराम खरे द्वारा किया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण हास्य कवि सम्मेलन की प्रस्तुति रही। इसमें हरदा शहर के श्री मुकेश शांडिल्य, बैतूल से डॉ प्रार्थना पंडित तथा श्री अनूप धामने, इटारसी से ब्रजकिशोर पटेल एवं भोपाल शहर से आर पी खरे, सीनियर डीएमई की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिलब्ध कवियों ने अपने हास्य तथा चुटीले व्यंगों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंन अपनी सुमधुर रचनाओं से श्रोताओं पर जो अमिट छाप छोड़ी है वह पमरे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबे समय तक याद रहेगी। मंडल रेल प्रबंधक एवं उपस्थितजनों द्वारा इनके काव्य पाठ की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।इस अवसर पर बर्ष भर में हिंदी में उल्लेखनीय कार्य करने बाले मंडल एवं स्टेशानों के पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में मंडल वाणिज्य प्रबंधक पंकज कुमार दूबे, कार्यालय अधीक्षक विक्की राजा, वाणिज्य पर्यवेक्षक फहीम मुद्दीन सहित कुल 81 अधिकारियों व कर्मचारियों, को मंडल रेल प्रबंधक, पंकज त्यागी द्वारा राजभाषा पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन शकील अहमद, मुख्य कार्यालय अधीक्षक ने किया। आभार प्रदर्शन राजभाषा अधिकारी, प्रदीप कुंडलकर ने किया।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू