भारत गौरव ट्रेन : “रानी कमलापति से “पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी एवं रामलला दर्शन यात्रा”

 

तीर्थ यात्रियों को अब बार बार नहीं बदलनी पड़ेगी ट्रेन परिवहन से लेकर रुकने खाने तक की व्यवस्था

भोपाल: 23 जुलाई 2026

मध्यप्रदेश के तीर्थ यात्रियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के उद्देश्य से इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह विशेष पर्यटक ट्रेन दिनांक 15 सितंबर 2026 को इंदौर से “पुरी, गंगासागर के साथ गया, वाराणसी एवं रामलला दर्शन यात्रा” के लिए रवाना होगी।

यह भारत गौरव पर्यटक ट्रेन मध्यप्रदेश के प्रमुख स्टेशनों इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी एवं अनूपपुर होते हुए संचालित होगी, जहां से यात्री इस ट्रेन में सवार हो सकेंगे।

10 रातें एवं 11 दिनों की इस धार्मिक यात्रा के दौरान यात्रियों को पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी एवं अयोध्या (रामलला दर्शन) सहित प्रमुख तीर्थ स्थलों एवं दर्शनीय स्थानों का भ्रमण कराया जाएगा।

इस यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति किराया श्रेणीवार इस प्रकार निर्धारित किया गया है—

स्लीपर (इकोनॉमी श्रेणी): ₹19,600/- प्रति व्यक्ति

3 एसी (स्टैंडर्ड श्रेणी): ₹31,850/- प्रति व्यक्ति

2 एसी (कम्फर्ट श्रेणी): ₹41,900/- प्रति व्यक्ति

आईआरसीटीसी द्वारा यह सर्व समावेशी टूर पैकेज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें भारत गौरव ट्रेन के विशेष एलएचबी रेक द्वारा आरामदायक रेल यात्रा, यात्रा के दौरान एवं यात्रा स्थल पर भोजन व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण बसों द्वारा सड़क परिवहन एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवास व्यवस्था, टूर एस्कॉर्ट की सुविधा, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा एवं हाउसकीपिंग सेवाएं शामिल हैं।

इस धार्मिक यात्रा के इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अधिकृत एजेंटों के माध्यम से भी टिकट एवं टूर पैकेज की बुकिंग कराई जा सकती है।

यात्रा एवं बुकिंग से संबंधित अधिक जानकारी के लिए यात्री आईआरसीटीसी के भोपाल, जबलपुर एवं इंदौर रेलवे स्टेशन स्थित कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं।

You may have missed