मंडला
पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग मंत्री Prahlad Singh Patel ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों में समन्वय आवश्यक है। विकास कार्यों के लिए फंड की कमी नहीं है। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रदाय किए जाने वाले बजट का समय पर सदुपयोग करना सुनिश्चित करें। लोकसेवक पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों को स्वीकार करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री Faggan Singh Kulaste, मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री Sampatiya Uikey, विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा, विधायक निवास चैनसिंह वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
श्री पटेल ने कहा कि जिले के विकास को सुनिश्चित करने के लिए शासन और प्रशासन एक टीम के रूप में काम करें। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करें। विकास से संबंधित कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाए। अधिकारी, कर्मचारियों में अच्छा कार्य करने वालों से सीखने की ललक होनी चाहिए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री ने कहा कि स्टॉप डेमों के रख रखाव के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए जिला स्तर पर नवाचार करें। जिन युवाओं को भी कौशल उन्नयन कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित किया जा रहा है उन्हें रोजगार से जोड़ने की प्रक्रिया तक संबंधित अधिकारी फॉलोअप करें।
अच्छा कार्य करने वाले स्व सहायता समूहों से अन्य समूहों को अवगत कराते हुए उन्हें। भी बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करें। मध्यान्ह भोजन का उठाव समय पर सुनिश्चित करें। मनरेगा में रोजगारमूलक कार्यों को प्राथमिकता प्रदान करें तथा सामग्री एवं श्रम नियोजन के मानकों का पालन करें। पीएम जनमन अभियान के तहत जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हुए हैं उन्हें प्रशिक्षित करें तथा जनपद सीईओ व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करें। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान श्री पटैल ने कहा कि स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों की सहभागिता का प्रयास करें।
सभी सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर योजना तैयार करें।
इस अवसर पर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि स्टॉप डेम सहित अन्य स्थानीय संरचनाओं के रख रखाव पर ध्यान दें। सड़क निर्माण के कार्यों को समय पर पूर्ण करें। सड़कों के रख रखाव पर फोकस करें। बैठक में पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने नर्मदा परिक्रमा मार्ग के ग्रामों में प्राथमिकता के आधार पर सामुदायिक स्वच्छता परिसर बनाने की बात कही। बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क, प्रधानमंत्री जनमन योजना, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग, आजीविका परियोजना, मध्यान्ह भोजन, मनरेगा, वाटर शेड, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन आदि योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू