- भोपाल, इंदौर के मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को रखें तैयार – मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- हरदा से घायलों को लाने के लिए ग्रीन कॉरीडोर बनेगा – मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हरदा की दुर्घटना के संबंध में ली आपात बैठक
- हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था के लिए सेना से संपर्क किया जा रहा है
भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा में पटाखा फैक्ट्री में हुई दुर्घटना के संबंध में मंत्रालय में आपात बैठक ली, अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हरदा के आसपास के क्षेत्र से एंबुलेंस हरदा पहुंचाई जा रही हैं इसके साथ ही हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था के लिए सेना से संपर्क किया गया है। भोपाल, इंदौर में मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को तैयारी रखने के निर्देश दे दिए गए हैं। नर्मदापुरम में भी अस्पतालों में घायलों के उपचार के लिए व्यवस्था की गई है। घायलों को लाने के लिए ग्रीन कॉरीडोर बनाया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि हरदा में होशंगाबाद सहित आसपास के क्षेत्र से 14 डॉक्टर तत्काल रवाना किए गए हैं। हरदा में 20 एम्बुलेंस मौजूद हैं तथा 50 और पहुंच रही है। भोपाल, इंदौर, बैतूल, नर्मदापुरम, भेरूंदा, रेहटी सहित अन्य नगरीय निकायों तथा संस्थाओं से फायर ब्रिगेड हरदा भेजे जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह, अपर मुख्य सचिव अजीत केसरी, डीजी होमगार्ड को तत्काल हेलीकॉप्टर से हरदा जाने के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमों को भेजा जा रहा है।
बैठक में मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, प्रमुख सचिव गृह संजय दुबे, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास नीरज मंडलोई, प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री राघवेंद्र सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू