भोपाल
मप्र विधानसभा के बजट सत्र का बुधवार को पहला दिन रहा। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद कांग्रेस विधायक हंगामा करने लगे। बोले- राज्यपाल से झूठ बुलवाया गया। विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यपाल जब अपना अभिभाषण पढ़ रहे थे, उसी दौरान कांग्रेस के विधायकों ने भाजपा के संकल्प पत्र को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
विपक्ष का हंगामा, लहराई भाजपा संकल्प की प्रतियां
कांग्रेस के विधायकों ने भाजपा के संकल्प पत्र की प्रतियां सदन में लहराई और नारेबाजी शुरू कर दी, इसके बाद राज्य सरकार पर जनता से धोखेबाजी का आरोप लगाते हुए सदन से बहिर्गमन कर गए। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि अभिभाषण में धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल , गेहूं का मूल्य 2700 रुपये और 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने का उल्लेख नहीं है। इधर, राज्यपाल का अभिभाषण पूरा होने के बाद कृतज्ञता ज्ञापन रामेश्वर शर्मा ने प्रस्तुत किया और फिर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
राज्यपाल के अभिभाषण के मुख्य अंश-
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपने अभिभाषण में मप्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में 50 लाख से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है।
मध्य प्रदेश में श्री राम और श्री कृष्ण के जहां जहां कदम पड़े उन स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। 724 किलोमीटर लंबी 10000 रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं शुरू की गई।आने वाले समय में केन-बेतवा, पार्वती- कालीसिध-चंबल लिंक परियोजना प्रदेश विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
राज्य सरकार का पीएम जनमन योजना अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजातीय के हित में विभिन्न काम शुरू करने के निर्णय से 23 जिलों में बैगा सहरिया एवं भारिया जनजाति के 11 लाख से अधिक भाई बहन लाभांवित होंगे।
तीर्थ स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी
विधानसभा में उठाएंगे हरदा ब्लास्ट मामला : कांग्रेस
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हरदा हादसे को शासन-प्रशासन की लापरवाही बताते हुए कहा कि कल विधानसभा में हरदा का मामला उठाएंगे। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि हरदा मामले को विधानसभा में भी उठाएंगे। 2022 में भी फैक्ट्री को सील किया गया था, फिर कैसे शुरू हो गई ? मृतकों के परिजनों को 15-15 लाख सहायता राशि देने की मांग की है।राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने हरदा घटना को लेकर कहा कि सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेगी, मामले को बेवजह तूल देना विपक्ष का काम ही है, आगे ऐसे मामले ना आए इसको लेकर भी सख्त है।
13 दिवसीय सत्र, 9 बैठकें होंगी
- यह सत्र 13 दिवसीय होगा और इसमें कुल नौ बैठकें होगी। आज 7 फरवरी को बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी। इसके बाद 8 फरवरी को प्रश्नोत्तर-शासकीय कार्य,
- 9 फरवरी को प्रश्नोत्तर, शासकीय कार्य, अशासकीय कार्य, 10-11 फरवरी को अवकाश घोषित किया गया है।
- 12-13-14-15 फरवरी को प्रश्नोत्तर, शासकीय कार्य. 13 फरवरी को प्रश्नोत्तर, शासकीय कार्य होगा। इसके बाद 16 फरवरी को प्रश्नोत्तर शासकीय, अशासकीय कार्य, 17-18 फरवरी को अवकाश और 19 फरवरी को प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्य किया जाएगा।
- इसमें 1 हजार 163 तारांकित प्रश्न शामिल किए गए हैं, इस सत्र के लिए 2303 सवाल भेजे गए हैं, जिसका जवाब मोहन सरकार के सात मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, कृष्णा गौर, धर्मेन्द्र लोधी, दिलीप अहिरवार , राधा सिंह, गौतम टेटवाल, प्रतिमा बागरी देंगे।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू