इंदौर
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती नजर आ रही है। कांग्रेस ने लोकसभा की पूर्व स्पीकर और इंदौर की पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन को पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया है। कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल ने भाजपा नेता सुमित्रा महाजन को पत्र लिखकर कहा है कि आप कांग्रेस में शामिल हो जाएं और लोकसभा का चुनाव लड़ें। कांग्रेस की ओर से सुमित्रा महाजन को ऐसा ऑफर दिए जाने से सियासत गर्म है।
दरअसल, इंदौर से आठ बार की सांसद रह चुकीं सुमित्रा महाजन ने कांग्रेस के कद्दावर नेता कमल नाथ को भाजपा में शामिल होने का न्यौता दिया था। ताई ने कहा था कि कमलनाथ राम का नाम लेकर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। वह इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में संबोधित कर रही थीं। सुमित्रा महाजन ने कहा था कि जो भी मेयर भाजपा का दामन थाम रहे हैं। वह देखकर आ रहे हैं कि भाजपा के मेयर अच्छा काम कर रहे हैं।
सुमित्रा महाजन ने कमलनाथ के भाजपा ज्वाइन करने की अटकलों पर कहा था कि यदि कमलनाथ को भी विकासकार्यों में विश्वास है तो वह भी राम का आशीर्वाद लें और यहां आकर काम करें। अब कांग्रेस का ऑफर महाजन के इसी बयान का पलटवार माना जा रहा है।
कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल का कहना था कि ताई जय श्री राम के नारे के साथ संविधान बचाओ के नारे को लगाते हुए कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। भाजपा जिस तरह लगातार संविधान की हत्या कर रही है, यही वजह है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता सुमित्रा महाजन को कांग्रेस में शामिल होने का ऑफर दे रहे हैं। खंडेलवाल यही नहीं रुके उन्होंने यह भी कहा है कि हम केंद्रीय नेतृत्व से बात कर के महाजन को लोकसभा टिकट दिलवाने का प्रयास करेंगे।

More Stories
हिंदू नववर्ष महोत्सव मेले का शुभारंभ, पहले ही दिन उमड़ी भारी भीड़
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने आगामी भर्ती प्रक्रिया को और बेहतर बनाने हेतु उप पुलिस महानिरीक्षकों के साथ की समीक्षा बैठक
दिव्यांग बच्चों को परिवार से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान की आवश्यकता – निर्मला भूरिया