भोपाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा को आकासा एयर (Akasa Air) की फ्लाइट में नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है. साध्वी प्रज्ञा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी है. उन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए कार्रवाई करने की मांग की है.
महिला सांसद ने सोशल मीडिया ऐप एक्स पर पोस्ट कर कहा,'उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधियाजी मुंबई से दिल्ली के लिए उड़ने वाली आकासा एयर की फ्लाइट संख्या QP1120 से दिल्ली आने पर ड्यूटी मैनेजर इमरान और उसके साथियों ने षड्यंत्र कर मुझे बड़ी हानि पहुंचाने का प्रयास किया. अपेक्षा करती हूं आप कार्रवाई अवश्य करेंगे.' हालांकि, साध्वी प्रज्ञा ने अपने पोस्ट में यह नहीं बताया है कि फ्लाइट में किस तरह उनके साथ कैसा व्यवहार किया गया. उनकी पोस्ट पर कई लोग पूरी घटना शेयर करने की मांग भी कर रहे हैं.
2019 में भी सामने आया था एक विवाद
इससे पहले साल 2019 में भी सांसद साध्वी प्रज्ञा का फ्लाइट की यात्रा के दौरान एक विवाद सामने आ चुका है. दरअसल, तब दिल्ली से भोपाल की एक फ्लाइट में सवार प्रज्ञा ठाकुर को सीट के चक्कर में यात्रियों के गुस्से का सामना करना पड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में एक यात्री ने बीजेपी सांसद से कहा था कि आपको शर्म नहीं है कि आप इस तरह का बर्ताव कर रही हैं.
धरने पर बैठ गई थीं साध्वी प्रज्ञा
दरअसल, 23 दिसंबर 2019 को साध्वी प्रज्ञा दिल्ली से भोपाल जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट में सवार हुई थीं. इस दौरान सीट को लेकर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की क्रू मेंबर से बहस हो गई थी, सीट की मांग को लेकर वह विमान में ही धरने पर बैठ गईं थीं. इस बीच यात्रियों ने विमान में साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और उनके व्यवहार की निंदा की थी.

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू