भोपाल
मौसम में हुए बदलाव ने मध्यप्रदेश में फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। सोमवार रात तेज हवा, बारिश के साथ गिरे ओलों ने खेतों में गेहूं, चना और सरसों की फसल आड़ी कर दी। नर्मदापुरम, खंडवा, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, बैतूल, छतरपुर और निवाड़ी जिलों में ओले गिरे हैं। कुछ जिलों में खेतों में कटी रखी फसल पानी में डूब गई। इससे दाने काले पड़ने की आशंका है।
टीकमगढ़जिले के ग्रामीण अंचलों में सुबह-सुबह हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। प्राकृतिक आपदा के चलते मंगलवार की सुबह टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले के कई गांव में अचानक बादल छाए। इसके बाद तेज बारिश और साथ-साथ ओलावृष्टि भी हुई। जिससे खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर, खिस्टोंन में मंगलवार की सुबह अचानक बादल हुए और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है, जिससे खड़ी फसलों को नुकसान हुआ है।
इसमें सबसे ज्यादा नुकसान मटर ,चना और गेहूं की फसलों को हुआ है। स्थानीय किसान रामकृष्ण ने बताया कि अचानक मौसम खराब होने से करीब 40% फसलें पूर्णत: नष्ट हो गई हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश और ओला गिरे।
इसी तरह टीकमगढ़ जिले की तहसील लिधौरा में आने वाली ग्राम पंचायत बारी में भी मौसम में अचानक परिवर्तन हुआ। यहां बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। गांव के रहने वाले किसान निलेश रजक ने बताया कि ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी मटर, लाहा, चना और गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। इसकी सूचना किसानों द्वारा स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ राजस्व अधिकारियों को दी गई है।
3 घंटे बाद भी नहीं पहुंचे अधिकारी
बारी गांव के रहने वाले राममिलन ने बताया स्थानीय पटवारी और तहसीलदार को सूचना दी गई है, लेकिन ओला गिरने के 3 घंटे बाद भी ना तो कोई पटवारी पहुंचा है और ना ही कोई अधिकारी। किसी भी अधिकारी ने अभी तक सुध नहीं ली है। भले ही मध्य प्रदेश सरकार किसानों की सरकार होने का दावा करती है।
दूसरी ओर अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि अगले 24 घंटों में राज्य के कम से कम पांच जिलों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। पिछले 24 घंटों में भोपाल में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री रहा जो सामान्य से भी कम था।
पिछले 24 घंटों में खरगोन जिले में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस और दतिया जिले में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में चंबल संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अधिकारियों ने भविष्यवाणी की है कि मंगलवार को भोपाल में बिजली और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम अधिकारियों ने यह भी कहा कि बैतूल, पांढुर्ना और छिंदवाड़ा जिलों में कई स्थानों पर बारिश और बिजली गिर सकती है। नर्मदापुरम, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट और हरदा जिलों में भी बारिश और बिजली गिर सकती है। भोपाल एवं चंबल संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, देवास, ग्वालियर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, मैहर, अनुपपुर, शहडोल, डिंडोरी, कटनी, मंडला, पन्ना में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू