October 21, 2026

ED के समन पर फिर नहीं पेश हुए केजरीवाल

नई दिल्ली
राउज एवेन्यू कोर्ट से जमानत मिलने के बाद ईडी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को दोबारा एक समन भेजा था। उन्हें 18 मार्च यानी आज ईडी दफ्तर में पेश होने का आदेश दिया गया था। लेकिन अब सीएम ने पेशी में शामिल होने से इनकार कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर ईडी की ओर से भेजे समन को गैरकानूनी बताया है। बता दें कि इस बार ईडी ने उन्हें दो अलग-अलग मामलों के लिए समन भेजा था। ईडी ने आज केजरीवाल को दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन की जांच के संबंध में पेश होने को कहा था। वहीं 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय उनसे दिल्ली शराब घोटाले के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया है।

ईडी के दफ्तर में नहीं पेश होंगे केजरीवाल
दिल्ली जल बोर्ड (DJB) से जुड़े मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी ने एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित उसके कार्यालय में उपस्थित होने को कहा था। आम आदमी पार्टी ने साफ कहा है कि वह आज पेशी के लिए नहीं आएंगे क्योंकि बाकी 8 समन की तरह यह समन भी गैरकानूनी है। आप सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज ईडी के सामने पेश नहीं होंगे। जब कोर्ट से जमानत दी जा चुकी है तो ED बार-बार समन क्यों भेज रही है? ईडी के समन अवैध हैं।

केजरीवाल के खिलाफ राजनीतिक साजिश
आम आदमी पार्टी ने इससे पहले कहा था कि अरविंद केजरीवाल को समन भेजा जाना राजनीतिक साजिश का संकेत है। उन्होंने कहा कि कोई नहीं जानता कि दिल्ली जल बोर्ड का यह मामला किस बारे में है। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि यह किसी भी तरह से केजरीवाल को गिरफ्तार करने और उन्हें लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकने के लिए एक बैकअप योजना लगा रही है।

You may have missed