October 20, 2026

पंत कुछ समय में फॉर्म हासिल कर लेगा : सिद्धू

चंडीगढ़
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज नवजोत सिद्धू को भरोसा है कि कार दुर्घटना के बाद लगभग 15 महीने बाद पेशेवर क्रिकेट में वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत जल्द ही फॉर्म में वापसी कर लेंगे। वह कार दुर्घटना से उबरने और 'रिहैबिलिटेशन' के कारण पिछले सत्र में नहीं खेल पाये थे लेकिन वापसी में दिल्ली कैपिटल्स का नेतृत्व कर रहे हैं। हालांकि शनिवार को यहां पंजाब किंग्स के खिलाफ पंत 18 रन ही बना सके लेकिन वह विकेटों के बीच रन लेने में फुर्तीले थे। उन्होंने स्टंप के पीछे कैच लपका और एक स्टंपिंग भी की।

सिद्धू ने 'स्टार स्पोर्ट्स' पर 'क्रिकेट लाइव' कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘वह दिल्ली कैपिटल्स का नेतृत्व कर रहा है और विकेटों के बीच में अच्छी तरह दौड़ रहा है। वह अच्छा क्रिकेट खेल रहेा है। वह बस जल्द ही फॉर्म हासिल कर लेगा, यह बस समय की बात है। लेकिन अहम चीज यह है कि भारतीय क्रिकेट को उसका नगीना वापस मिल गया है और मैदान पर उसकी वापसी के लिए हमें भगवान का शुक्रगुजार होना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ''जब यह कार दुर्घटना हुई थी तो मैंने कार की फोटो देखी थी। सबकुछ जल गया था, कार का कोई भी हिस्सा नहीं बचा था। कोई भी उस तरह की भयावह दुर्घटना से कैसे बच सकता है?'' सिद्धू ने कहा, ''फिर उसका ऑपरेशन सफल होगा या नहीं,सब यही सोच रहे थे। लेकिन उनके लिए सब कुछ अच्छा रहा।’’

वहीं भारत के महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने दो बार की चैम्पियन केकेआर के सनराइजर्स हैदराबाद पर मिली चार रन की रोमांचक जीत के बाद युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को जीत का श्रेय दिया जिन्होंने अंतिम ओवर में शानदार गेंदबाजी करते दो विकेट से कुल तीन अहम विकेट झटके।

गावस्कर ने कहा, ''राणा ने विकेट को पढ़ा और अंतिम ओवर में शीर्ष स्तरीय गेंदबाजी की। रसेल को 64 रन और दो विकेट झटकने के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया लेकिन मुझे लगता है कि हर्षित राणा को उसके स्पैल और विशेषकर अंतिम ओवर के लिए उन्हें कुछ देना चाहिए था।’’

 

You may have missed