इंदौर
उप निर्वाचन आयुक्त अजय भादू ने कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के चलते लागू आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए अधिकारियों को विमानों की आवा-जाही पर खास निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सूबे की 230 विधानसभा सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।
भादू ने चुनावी तैयारियों को लेकर इंदौर में आयोजित एक बैठक में हिस्सा लेने के दौरान संवाददाताओं को बताया,''हमने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर दिल्ली में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) से खास चर्चा की है।''
उन्होंने बताया कि चुनावों के मद्देनजर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शहरी क्षेत्रों के हवाई अड्डों के साथ ही सभी हवाई पट्टियों और हैलिपेड पर विमानों और हेलीकॉप्टरों की आवा-जाही पर खास निगरानी रखें।
उप निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि इंदौर हर क्षेत्र में आगे है, लेकिन मतदान के मामले में अब भी थोड़ा पीछे है। उन्होंने कहा,''मैं अपील करता हूं कि आगामी विधानसभा चुनावों में शहर के सभी मतदाता वोट दें। खासकर 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जाना बेहद जरूरी है।’
भादू ने इंदौर के प्रशासन द्वारा दिव्यांगों को मतदाता जागरूकता अभियान से जोड़े जाने की पहल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का हमेशा से नजरिया रहा है कि चुनाव प्रक्रिया को सर्व समावेशी बनाया जाना चाहिए।
भादू ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान से दिव्यांग जनों के जुड़ने से कई लोग वोट डालने के लिए प्रेरित होंगे।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू