October 22, 2026

अर्शदीप सिंह ने टी 20 विश्व कप में खास उपलब्धि हासिल करते हुए रविचंद्रन अश्विन के 10 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा

न्यूयॉर्क
भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने टी 20 विश्व कप में एक खास उपलब्धि हासिल करते हुए ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के 10 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया।  अर्शदीप ने चल रहे टी-20 विश्व कप 2024 में बुधवार को यूएसए के खिलाफ अपने 4 ओवरों में 9 रन देकर 4 विकेट लिए और अश्विन के दस साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। अश्विन ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मीरपुर में 11 रन देकर 4 विकेट हासिल थे, जो भारत के लिए विश्व कप में उनका सर्वश्रेष्ठ आंकड़ा था। हरभजन सिंह तीसरे स्थान पर खिसक गए, जिन्होंने 2012 में कोलंबो में इंग्लैंड के खिलाफ 12 रन देकर 4 विकेट लिया था।

अर्शदीप को सबसे ज्यादा फायदा भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के टॉस जीतकर गेंदबाजी करने के फैसले से मिला। उन्होंने खेल के पहले ही ओवर में यूएसए को दोहरा झटका दिया, जब उन्होंने शायन जहांगीर को शून्य पर और एंड्रीस गौस को 2 रन पर आउट कर दिया, जिससे मेजबान टीम दबाव में आ गई। हालांकि इसके बाद स्टीवन टेलर और नितीश कुमार ने यूएसए को मैच में वापसी दिलाई, रोहित यहां फिर से अर्शदीप को आक्रमण पर वापस लाए और उन्होंने खतरनाक बल्लेबाज नितीश को 27 रन पर आउट कर दिया, जिससे यूएसए की टीम ने 81 रनों पर 5 विकेट खो दिये। अर्शदीप ने हरमीत सिंह को आउट कर मैच में अपना चौथा विकेट लिया और उन्होंने 4/9 के आंकड़े के साथ अपने स्पैल का समापन किया।

आखिरी ओवर में, यूएसए के बल्लेबाज जसदीप सिंह और शैडली वान शल्कविक 7 रन बनाकर अपनी टीम का स्कोर 110/8 तक ले गए। जवाब में भारत ने विराट कोहली (00), रोहित शर्मा (03) और ऋषभ पंत (18) के विकेट केवल 39 रनों पर खो दिये। यहां से सूर्यकुमार यादव (50 रन, 49 गेंद 2 चौके और 2 छक्के) के नाबाद अर्धशतक और शिवम दुबे (नाबाद 31 रन, 35 गेंद, 1 चौका और 1 छक्का) की बेहतरीन पारी की बदौलत भारत ने 18.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

 

You may have missed