October 21, 2026

Indian Football Team टीम में सर्जरी… कोच को हटाया, FIFA वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स में हार के बाद बड़ा फेरबदल

 नई दिल्ली

FIFA वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स में करारी हार के बाद भारतीय फुटबॉल टीम में एक बड़ी सर्जरी हुई है. टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमाक को बर्खास्त कर दिया गया है. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने यह फैसला किया है.

बता दें कि स्टिमाक को 2019 में भारतीय फुटबॉल टीम का मुख्य कोच बनाया गया था. उन्हें 2023 में ही एक साल का एक्सटेंशन दिया गया था. मगर अब AIFF ने एक कड़ा फैसला किया और स्टिमाक की छुट्टी कर दी.

स्टिमाक ने 2019 में स्टीफन कॉन्सटेनटाइन की जगह ली थी. स्टिमाक के कार्यकाल में भारत ने 4 बड़ी ट्रॉफी जीतीं, जिसमें दो सैफ चैम्पियनशिप, एक इंटरकॉन्टिनेंटल कप और एक ट्राई नेशंस सीरीज शामिल है.

वर्ल्ड कप में अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया था

56 साल के स्टिमाक क्रोएशियाई देश के हैं और उन्होंने अपनी टीम के लिए इंटरनेशनल मैच खेले हैं. क्रोएशियाई टीम ने 1998 के फीफा वर्ल्ड कप में धांसू प्रदर्शन किया था और सेमीफाइनल में एंट्री की थी. उस वर्ल्ड कप में इगोर स्टिमाक भी अपनी टीम से खेले थे.

1998 के फीफा वर्ल्ड कप में क्रोएशिया टीम तीसरे नंबर पर रही थी. मगर स्टिमाक इस बार भारतीय टीम को अपनी कोचिंग में फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं करा सके. भारतीय टीम वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स में तीसरे राउंड में जगह नहीं बना सकी. उसे दूसरे राउंड के मैच में कतर से 2-1 से मात दी थी.

तुरंत प्रभाव से कोच को उनके पद से हटा दिया गया

AIFF ने अपने बयान में कहा, 'फीफा वर्ल्ड कप 2026 क्वालिफिकेशन राउंड में भारतीय पुरुष टीम का निराशाजनक प्रदर्शन रहा. इस नतीजे को ध्यान में रखते हुए सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से कोच को हटाने का फैसला किया.'

फेडरेशन ने आगे कहा, 'सभी सदस्यों ने सहमति जताई कि टीम को आगे ले जाने के लिए एक नया हेड कोच सबसे अच्छा रहेगा. स्टिमाक को पद से हटाए जाने का नोटिस भेज दिया गया है और उन्हें तुरंत प्रभाव से जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाता है.'

 

You may have missed