October 20, 2026

जबलपुर में मां ने मोबाइल गेम खेलने से मना किया तो नौवीं की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

 जबलपुर

मध्यप्रदेश के जबलपुर सनसनीखेज घटना हुई। मां ने मोबाइल पर गेम खेलने से रोका तो 9वीं की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। बच्ची की मौत के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

मोबाइल फोन की लत ने 14 साल की बच्ची की जान ले ली। मोबाइल पर गेम खेल रही 9वीं की छात्रा को मां ने डांटा तो उसने फंदा लगाकर जान दे दी। बच्ची की मौत के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बच्ची को फंदे से उतारा। पुलिस को सूचना दी। दर्दनाक घटना जबलपुर के गुप्ता नगर की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पूरी घटना: ड्यूटी से लौटी मां ने बच्ची लटकी मिली
पुलिस के मुताबिक, 14 साल की आरुषि सिंह गढ़ा इलाके के गुप्ता नगर में रहती थी।  बच्ची की मां सुनंदा सिंह जबलपुर मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स हैं। सुनंदा बुधवार रात 9 बजे नाइट ड्यूटी पर जा रही थीं। सुनंदा ने देखा कि आरुषि मोबाइल पर गेम खेल रही है। मां ने नाराजगी जताई और मोबाइल छीनते हुए पढ़ाई के लिए कहा। इसके बाद सुनंदा घर लॉक कर ड्यूटी पर चली गईं। गुरुवार सुबह 10 बजे जब घर पहुंची और ताला खोला तो अंदर आरुषि फांसी के फंदे पर लटकी मिली।

मां-बेटी अकेली रहती थीं
घटना के बाद आसपास के लोगों ने बच्ची को फंदे से उतारा। पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। बता दें कि आरुषि, अपनी मां की इकलौती बेटी थी। कोरोना काल में पिता का निधन हो गया था। इसके बाद से मां-बेटी ही घर पर रहती थीं। बेटी के इस कदम से मां सदमे में आ गई हैं।

You may have missed