August 18, 2026

लखनऊ चिड़ियाघर में हिप्पो का कर्मचारियों पर हमला, एक की मौत, दूसरा घायल

लखनऊ
लखनऊ चिड़ियाघर में सोमवार को हिप्पो ने दो कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल है। कुछ दिन पहले ही हिप्पो ने एक अन्य कर्मचारी पर भी हमला बोला था। उसका भी अभी तक इलाज चल रहा है। हिप्पो के हमले में कर्मचारी की मौत से हड़कंप मचा है। जिस हिप्पो ने हमला किया है उसे कुछ दिन पहले ही कानपुर चिड़ियाघर से लखनऊ लाया गया था। बताया जाता है कि कर्मचारी सूरज रोज की तरह काम करने के लिए बाड़े में गया था। इसी बीच हिप्पो ने हमला कर दिया। हमले में एक अन्य कर्मचारी राजू बाल्मिकी घायल है।  चिड़ियाघर की निदेशक अदिति शर्मा भी सिविल अस्पताल पहुंची हैं।

चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार बाड़े में कुछ काम के लिए कर्मचारी सूरज गया था। इसी दौरान हिप्पो ने उसपर अचानक हमला बोल दिया। घायल कर्मचारी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कहा जा रहा है कि सोमवार को चिड़ियाघर में अवकाश रहता है। इस वजह से हमले की जानकारी देर से हो पाई।

जिस हिप्पो ने कर्मचारी सूरज पर हमला किया है उसे कुछ दिन पहले ही कानपुर चिड़ियाघर से लखनऊ शिफ्ट किया गया था। बिना किसी सिक्योरिटी के कर्मचारियों को हिप्पो के बाड़े में जाने देने पर सवाल उठ रहे हैं। इसके पीछे लापरवाही भी सामने आ रही है।

मारा गया कर्मचारी करीब 12 साल से चिड़ियाघर में सफाई कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था। उसे ₹5500 रुपए की फिक्स सैलरी पर रखा गया था।  इससे पहले राजू नामक कर्मी पर भी हिप्पो ने हमला कर घायल कर दिया था। मारे गए सूरज के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूरज कंपवेल रोड बरौरा थाना ठाकुरगंज का निवासी था। उसके परिवार में एक बेटा एक बेटी व पत्नी है। सूरज की मौत के बाद परिवार में अब  कोई कमाने वाला नहीं है।

 

You may have missed