शिवपुरी
शिवपुरी जिले के एक प्रेमी जोड़े ने मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के नाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है. दोनों ने अपनी जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है. इस जोड़े ने घर से भागकर विवाह किया है. दोनों ने अंतर्जातीय विवाह किया है. अंतर्जातीय विवाह होने से परिजन नाराज हो गए. अब लड़की के परिजन दोनों को गोली मारने की धमकी दे रहे हैं. धमकी से डरे हुए दंपति ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सुरक्षा की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा है कि घरवाले जान से मारना चाह रहे हैं. हमारी जान बचा लीजिए.
जिले के एजवारा की संध्या ओझा (21 साल) और इसी गांव के अरविंद जाटव (24 साल) के बीच स्कूल के समय से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था. करीब छह साल पहले अरविंद दिल्ली नौकरी करने चला गया और फिर इंदौर आ गया. इस दौरान भी दोनों मोबाइल के जरिए परस्पर जुड़े रहे और एक-दूसरे के जीवन साथी बन जाने का संकल्प ले लिया.
12 दिसंबर को संध्या घर से भागकर पड़ोसी जिले गुना में पहुंच गई और अरविंद भी इंदौर से गुना आ गया. गुना में दोनों ने शपथ पत्र के आधार पर शादी कर ली. इसके बाद संध्या को जब घर से धमकियां मिलने लगीं तो उसने मुख्यमंत्री से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए एक वीडियो जारी कर दिया. वहीं, दूसरी ओर लड़की के परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है.
इस सिलसिले में इंदार थाना के प्रभारी दिनेश नरवरिया का कहना है कि लड़की बालिग है. वह लौटकर घर वापस भी नहीं आना चाहती है. लिहाजा हम उसे जबरन पकड़ कर नहीं ला सकते हैं.
माता-पिता और चाचा-मामा धमका रहे
संध्या ने बताया कि भागकर शादी करने के बाद उसके माता-पिता और चाचा-मामा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। भय के कारण शादी के बाद से हम दोनों अज्ञातवास की तरह एक कमरे में कैद होकर रह गए हैं।
संध्या ने कहा कि जैसे ही मैं अपना मोबाइल चालू करती हूं, मेरे घर से फोन आ जाता है और गोली मारने की धमकी दी जाती है। हम दोनों बहुत भयभीत हैं। इसी के चलते हमने मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है।
पुलिस ने कहा- मांगने पर देंगे सुरक्षा
इंदार थाना प्रभारी दिनेश नरवरिया ने बताया, ‘युवती के परिजन ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान हमें जानकारी मिली कि उसने प्रेम विवाह कर लिया है। वह बालिग है। युवती को थाने आकर बयान दर्ज कराना होगा। अगर वह थाना क्षेत्र में सुरक्षा की मांग करती है तो उसे सुरक्षा दी जाएगी।’

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू